सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड– न्यूज़ भोपाल: पिछले हफ्ते प्रोस्टेट कैंसर की सर्जरी कराने के बाद घर लौटे अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयर ऑस्टिन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अमेरिकी संसद ने उन्हें तलब कर लिया है। दरअसल, ऑस्टिन 22 दिसंबर 2023 और फिर 1 जनवरी 2024 को दो बार हॉस्पिटल में एडमिट हुए थे। इसकी जानकारी उन्होंने संसद और प्रेसिडेंट जो बाइडेन समेत किसी को नहीं दी थी।
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (जैसे हमारे यहां लोकसभा) के अलावा उनकी पार्टी के कुछ सांसदों ने ऑस्टिन को फौरन बर्खास्त किए जाने की मांग की थी। ऑस्टिन अब तक खामोश हैं। अगर वो संसद के सवालों के सही जवाब नहीं दे पाते हैं, तो उन्हें इस्तीफा देना होगा। अगर वो इस्तीफा नहीं देते तो प्रेसिडेंट उन्हें बर्खास्त कर सकते हैं।
कमेटी ने लेटर भेजा
संसद की आर्म्ड सर्विस कमेटी के चेयरमैन माइक रोजर्स ने शुक्रवार को ऑस्टिन को एक लेटर लिखा। इसमें कहा गया- आपको हमारे कुछ अहम सवालों के जवाब देने हैं। लिहाजा, 14 फरवरी को आप इस कमेटी के सामने पेश हों।
ऑस्टिन की परेशानियां इसलिए ज्यादा हो चुकी हैं, क्योंकि अमेरिकी रक्षा मंत्रालय यानी पेंटागन और व्हाइट हाउस मीडिया के सामने मान चुके हैं कि ऑस्टिन ने सर्जरी और हॉस्पिटल में एडमिट होने की कोई जानकारी नहीं दी थी। इतना ही नहीं, इस मामले के सामने आने के बाद व्हाइट हाउस और पेंटागन की एक जॉइंट कमेटी बनाकर उसे इस मामले की जांच सौंपी गई।
लेटर में रोजर्स ने लिखा- उम्मीद करते हैं कि बतौर रक्षा मंत्री आपको संविधान और जिम्मेदारियों का अहसास होगा। उम्मीद करते हैं कि आप सभी सवालों के सही जवाब देंगे। डिफेंस मिनिस्ट्री ने इस बारे में कोई कमेंट करने से इनकार कर दिया।
कैसे फंसे ऑस्टिन
ऑस्टिन 22 दिसंबर को प्रोस्टेट कैंसर की सर्जरी के लिए हॉस्पिटल में एडमिट हुए थे। हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने के बाद 1 जनवरी को उनकी हालत फिर गंभीर हुई तो फिर हॉस्पिटल में एडमिट कराना पड़ा। 6 दिन अमेरिका में कोई डिफेंस मिनिस्टर ही नहीं था।
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय यानी पेंटागन ने भी इसकी पुष्टि कर दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- प्रेसिडेंट जो बाइडेन इस मामले के सामने आने के बाद भारी दबाव में हैं। डोनाल्ड ट्रम्प और उनकी रिपब्लिकन पार्टी के अलावा खुद बाइडेन एडमिनिस्ट्रेशन के कई लोग मांग कर रहे हैं कि इस गैर जिम्मेदाराना रवैये के चलते ऑस्टिन को फौरन बर्खास्त किया जाना चाहिए। स्टाफ को भी अंधेरे में रखा
अमेरिका में ऑस्टिन से जुड़ा विवाद काफी गंभीर हो चुका है। चुनावी साल में उनके रवैये की वजह से डेमोक्रेट पार्टी दबाव में है और अब डैमेज कंट्रोल की कोशिश कर रही है।
पेंटागन के प्रवक्ता ने पैट्रिक रायडर कहा- 22 दिसंबर 2023 को डिफेंस मिनिस्टर को मिलिट्री हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। इसकी वजह से वो काम नहीं कर सके। उनकी बीमारी की जानकारी स्टाफ समेत किसी को नहीं थी। इसके बाद उन्हें 1 जनवरी 2024 को फिर काफी तकलीफ हुई और फिर वो एडमिट हुए। प्रेसिडेंट को यह मामला 9 जनवरी को तफ्सील से बताया गया है।
पेंटागन की तरफ से बयान तब आया, जब कुछ घंटे पहले ऑस्टिन की सर्जरी करने वाले डॉक्टर्स ने मीडिया को इस मामले की जानकारी दे दी।
ये मामला गंभीर क्यों
अब तकरीबन ये साफ हो चुका है कि अमेरिका में 1 जनवरी की सुबह से 5 जनवरी की रात तक कोई रक्षा मंत्री नहीं था। ऑस्टिन की डिप्टी कैथलीन हिक्स प्यूर्टो रिको में नया साल मना रहीं थीं। प्रेसिडेंट भी छुट्टी पर थे। इससे भी बड़ी बात ये कि किसी को इस बारे में जानकारी तक नहीं थी। इसलिए अब संसद और रिपब्लिकन पार्टी हमलावर हो चुकी है। ट्रम्प ने तो बाइडेन से फौरन ऑस्टिन को बर्खास्त करने की मांग की है।
व्हाइट हाउस ने सोमवार को कहा- ऑस्टिन हॉस्पिटल से ही काम कर रहे थे। उनकी रिकवरी स्लो है। ऑस्टिन की चीफ ऑफ स्टाफ कैली मेगास्मन ने मंगलवार को कहा- हम यह जांच कर रहे हैं कि डिप्टी डिफेंस मिनिस्टर को इस बारे में जानकारी क्यों नहीं दी गई थी। हालांकि, पेंटागन खुद कैली की जांच कर रहा है, क्योंकि ऑस्टिन का चार्ज किसी और को देने का नोटिफिकेशन जारी करने की जिम्मेदारी उन्हीं की थी।
पेंटागन प्रवक्ता ने कहा- इस तरह के हालात आगे कभी न हों, इसके लिए कुछ बदलाव किए जा रहे हैं। पेंटागन बाकी डिपार्टमेंट की तरह अमेरिकी नागरिकों के प्रति जवाबदेह है। संसद और मीडिया को इस तरह के मामलों की जानकारी होनी चाहिए।
कई अमेरिकी सांसदों ने प्रेसिडेंट बाइडेन को लेटर लिखकर इस मामले पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इन्होंने कहा- ऑस्टिन और पेंटागन ने अमेरिका की नेशनल सिक्योरिटी को खतरे में डाल दिया था। वो बिना बताए और चार्ज ट्रांसफर किए किसी भी तरह की छुट्टी कैसे ले सकते हैं।