आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिका में बोइंग 737 मैक्स 9 विमान का इमरजेंसी दरवाजा हवा में निकलने के एक हफ्ते के अंदर ही बुधवार को एक और प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। फ्लोरिडा से उड़ान भरने के कुछ ही देर के अंदर यूनाइटेड एयरलाइंस के विमान को सबसे करीबी टैम्पा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। इसमें 123 पैसेंजर्स और 5 क्रू मेंबर्स थे।
न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, एयरबस A319 ने दोपहर करीब 3:42 बजे उड़ान भरी। कुछ देर बाद ही पायलट को पता चला कि दरवाजा खुला होने का सिग्नल देने वाली लाइट जल रही थी। इसके बाद पायलट ने एहतियात बरतते हुए तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग की घोषणा की।
उड़ान भरने के 50 मिनट बाद इमरजेंसी लैंडिंग
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइट अवेयर के मुताबिक, विमान को शाम करीब 4:35 बजे लैंड कराया गया। टैम्पा एयरपोर्ट ने बताया कि लैंडिंग से पहले उनसे रनवे के स्टेटस के बारे में जानकारी ली गई थी।
हालांकि, यूनाइटेड एयरलाइंस ने दरवाजा खुले होने के बारे अब तक कोई बयान नहीं दिया है। करीब डेढ़ घंटे तक टैम्पा में रहने के बाद शाम करीब 6 बजे फ्लाइट फिर से रवाना हो गई।
6 जनवरी को बोइंग विमान का दरवाजा हवा में उखड़ा था
इससे पहले 6 जनवरी को अलास्का एयरलाइंस के बोइंग 737 मैक्स 9 सीरीज के प्लेन का इमरजेंसी एग्जिट डोर 16 हजार फीट की ऊंचाई पर उखड़ गया था। एयरलाइंस के मुताबिक विमान में 171 पैसेंजर और 6 क्रू मेंबर सवार थे।
दरवाजा उखड़ने से बगल की सीट पर बैठे बच्चे की शर्ट फट गई। वहीं कुछ पैसेंजर के फोन भी हवा में उड़ गए। हालांकि बच्चे की मां ने उसे प्लेन से बाहर गिरने से बचा लिया। इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। इस हादसे के बाद अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने बोइंग के 171 विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी थी।
यूनाइटेड एयरलाइंस ने बोइंग 737 मैक्स 9 की 167 उड़ानें रद्द कीं
यूनाइटेड एयरलाइंस के पास भी 79 बोइंग 737 मैक्स 9 विमान हैं। 8 जनवरी को जांच के दौरान उन्हें अपने बेड़े में कई बोइंग 737 विमानों के पैनल में ढीले बोल्ट मिले थे। बुधवार को कंपनी ने इनकी 167 उड़ानें रद्द कर दी। इसके बाद गुरुवार को भी कई उड़ाने कैंसिल होने की आशंका है।
बोइंग विमानों में गड़बड़ी के बाद भारत के एविएशन रेगुलेटर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने भी बोइंग 737 मॉडल के विमानों की जांच के आदेश दिए थे। इस दौरान भारत में मौजूद 40 ऐसे विमानों में से एक में वॉशर गायब मिला था।
हालांकि, ये वॉशर कौनसे हिस्से का था, इसकी जानकारी नहीं दी गई थी। इसके बाद बोइंग की गाइडलाइंस के मुताबिक, जरूरी कदम उठाए की बात कही गई थी।
346 लोगों के कातिल विमान का आसमान में टूटा दरवाजा: भारत समेत 40 देशों में हुआ था बैन; इस विमान से क्यों डरती है दुनिया
5 जनवरी को अमेरिका में अलास्का एयरलाइन का एक विमान पोर्टलैंड शहर के हवाई अड्डे से उड़ान भरता है। बोइंग 737-9 मैक्स सीरीज के इस प्लेन में 171 पैसेंजर और 6 क्रू मेंबर सवार थे। चंद मिनट बाद जैसे ही विमान 16 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचा, उसका एक दरवाजा टूट गया।