सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड .. न्यूज़ भोपाल : संयुक्त राष्ट्र संघ (UN) ने कहा है कि गाजा से हिरासत में लिए गए फिलिस्तीनी पुरुषों को इजराइली सेना ने डायपर पहनाए। फिलिस्तीनियों को उनका गुनाह बताए बगैर उन्हें 30 से 55 दिनों तक अज्ञात जगहों पर हिरासत में रखा और टॉर्चर किया। UNHRC के अधिकारी अजीत सुंघाए ने इजराइली हिरासत से आजाद किए लोगों से बातचीत की है।
सुंघाए ने बताया कि इजराइली सेना ने जब फिलिस्तीनियों को आजाद किया तो वो कड़कती ठंड के बीच सिर्फ डायपर पहने हुए थे। सुंघाए ने कहा है कि इजराइल को हिरासत में लिए गए लोगों के साथ अंतर्राष्ट्रीय कानूनों के तहत बरताव किया जाना चाहिए। इजराइल को उन फिलिस्तीनियों को रिहा कर देना चाहिए जिनके खिलाफ पुख्ता सबूत नहीं हैं।
एक फिलिस्तीनी ने सुंघाए को बताया कि इजराइली सेना ने उन्हें निर्वस्त्र कर गोली मारने की धमकी दी। इजराइली महिला सैनिकों ने उन पर भद्दे कमेंट्स किए।
7 अक्टूबर को इजराइल और हमास के बीच जंग शुरू हुई थी। इसके बाद से अब तक गाजा में 20 हजार बच्चों ने जन्म लिया। जबकि वहां हर घंटे 2 माओं की मौत हो रही है। यह जानकारी UN की स्पोक्सवुमन टेस इन्ग्राम ने दी है। उनके मुताबिक, गाजा में इस वक्त हालात बेहद भयावह हैं। UN के मुताबिक गाजा में हर घंटे 2 माएं मारी जा रही हैं।
दूसरी तरफ, इजराइल के हेल्थ मिनिस्टर ने आदेश दिए हैं कि लेबनान और गाजा के घायलों का इलाज इजराइल के अस्पतालों में न किया जाए। इस बारे में एक सर्कुलर भी जारी कर दिया गया है।
ये हालात पहले नहीं देखे
UN की प्रवक्ता टेस इन्ग्राम ने कहा- कोई सोच भी नहीं सकता कि किसी जंग में बच्चों के लिए भी ऐसे हालात होंगे। तीन महीने से हम यही देख रहे हैं। आमतौर पर जब कोई महिला मां बनती है और इस दुनिया में नया मेहमान आता है तो सब खुश होते हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि गाजा में कोई महिला इन हालात में बच्चे को जन्म देना चाहेगी।
इन्ग्राम ने कहा- कुछ महिलाएं तो ऐसी हैं, जो घायल थीं और उनकी खुद की हालत नाजुक थी, इसके बावजूद उन्होंने बच्चों को जन्म दिया। कुछ महिलाओं की तो सर्जरी के दौरान ही मौत हो गई। यहां हर 10 मिनिट में एक बच्चे का जन्म हो रहा है। अब भी वक्त है जब दुनिया जागे और फौरन गाजा में जंग रोकने के लिए सख्त से सख्त इंतजाम करे। ये जंग का ही नतीजा है कि 1 साल का बच्चा इस वक्त हमास की कैद में है और उसने अपना पहला बर्थडे बंधक के तौर पर सेलिब्रेट किया होगा।