ITDC India e-Press / Agencies

 अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रहे भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जोहरान ममदानी पर तीखा हमला बोला है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ममदानी को “100% कम्युनिस्ट पागल” कहकर संबोधित किया।

ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, “आखिरकार डेमोक्रेट्स ने अपनी सीमा पार कर ली। 100 प्रतिशत कम्युनिस्ट पागल जोहरान ममदानी ने अभी-अभी डेमोक्रेटिक प्राइमरी जीत ली है और अब वे न्यूयॉर्क के मेयर बनने की राह पर हैं।” ट्रंप ने इसे अमेरिका के लिए खतरे की घंटी बताते हुए कहा कि “अब चीजें हास्यास्पद होती जा रही हैं।”

उन्होंने ममदानी का समर्थन करने वाले नेताओं को भी निशाने पर लिया और कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी अब पूरी तरह चरमपंथी विचारधारा की गिरफ्त में आ चुकी है।

जोहरान ममदानी भारतीय मूल के एक प्रोग्रेसिव नेता हैं और वे पहले भी न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य रह चुके हैं। वे सामाजिक न्याय, आर्थिक समानता और प्रवासी अधिकारों के मुद्दों पर मुखर रहे हैं।

उनकी लोकप्रियता खासकर युवाओं और प्रवासी समुदायों में तेजी से बढ़ी है, लेकिन ट्रंप के तीखे बयान ने इस चुनावी मुकाबले को और भी गर्मा दिया है।

ट्रंप के बयान से साफ है कि न्यूयॉर्क मेयर चुनाव अब केवल स्थानीय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति का भी केंद्र बन गया है।

#डोनाल्ड_ट्रंप #जोहरान_ममदानी #अमेरिका_चुनाव #न्यूयॉर्क_मेयर #अमेरिकी_राजनीति #डेमोक्रेटिक_पार्टी #भारतीय_मूल