ITDC India e-Press / Agencies

नई दिल्ली: दिल्ली में शुक्रवार को कुछ ही घंटों के भीतर आग लगने की तीन घटनाओं से हड़कंप मच गया। करोल बाग के गफ्फार मार्केट, न्यू आजादपुर मार्केट और शाहदरा के शांति मोहल्ले में आग लगने से दमकल विभाग को लगातार मोर्चा संभालना पड़ा। तीनों घटनाओं में आग बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां तैनात की गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी, हालांकि संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

सबसे पहले करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट के पुरी प्लाजा में देर रात करीब 1:28 बजे आग लगी। चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में मोबाइल एक्सेसरीज और अन्य सामान की दुकानें हैं। आग बुझाने के लिए दमकल की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जांच में ग्राउंड फ्लोर की मोबाइल बैटरी की दुकान से आग शुरू होने और बैटरियों की ओवरचार्जिंग को संभावित वजह माना गया है। आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन कई दुकानों को नुकसान पहुंचा।

इसके बाद सुबह करीब 8:40 बजे न्यू आजादपुर मार्केट की एक दुकान में आग लग गई। शुरुआत में तीन दमकल गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग बढ़ने पर इसे मेक-4 श्रेणी में घोषित किया गया। राहत एवं बचाव कार्य के लिए 11 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं।

तीसरी घटना शाहदरा जिले के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के शांति मोहल्ला, गली नंबर छह में सामने आई। यहां एक कपड़ा गोदाम में आग लग गई। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

लगातार हुई इन घटनाओं के बाद बाजारों और गोदामों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। तीनों मामलों में आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन संबंधित विभागों की जांच के बाद स्पष्ट होगा।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #तीन #जगह #मचा #हड़कंप #बाजारों #अफरा #दिल्लीमेंतीनजगह