ITDC India e-Press / Agencies

गफ्फार मार्केट में भीषण आग, मोबाइल बैटरी बनी वजह होने का शक

नई दिल्ली: दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में शुक्रवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग चेन वाली गली में स्थित पुरी प्लाजा की एक दुकान से शुरू हुई और देखते ही देखते चार मंजिला व्यावसायिक इमारत के अन्य हिस्सों तक फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पुलिस के मुताबिक, आग लगने की सूचना रात करीब 1:28 बजे मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि इमारत की दुकान नंबर 13/21 में आग की लपटें उठ रही थीं। इस परिसर में मोबाइल फोन और मोबाइल एक्सेसरीज का कारोबार होता है। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने आसपास की दुकानों और इमारतों को सुरक्षित करने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग ग्राउंड फ्लोर पर स्थित मोबाइल बैटरी की दुकान से शुरू हुई। बैटरियों के ओवरहीट होने या ओवरचार्जिंग को संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसके लिए दमकल विभाग और विद्युत निरीक्षक की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से दुकान और उसमें रखे सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इमारत की सुरक्षा और संरचनात्मक स्थिति का आकलन कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ और दुकानों में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान रखे होने के कारण अग्नि सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अधिकारियों ने आग के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन करने की बात कही है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #गफ्फार #मार्केट #भीषण #मोबाइल #बैटरी #बनी #वजह #गफ्फारमार्केटमेंभीषण