नई दिल्ली: दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में शुक्रवार तड़के एक दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग चेन वाली गली के 13 ब्लॉक स्थित पुरी प्लाजा की एक दुकान में लगी और देखते ही देखते चार मंजिला व्यावसायिक इमारत के अन्य हिस्सों तक फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आग लगने की सूचना रात करीब 1:28 बजे करोल बाग थाने को मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पुरी प्लाजा की दुकान नंबर 13/21 में आग की लपटें उठ रही थीं। इस इमारत में मोबाइल फोन और मोबाइल एक्सेसरीज का कारोबार होता है। आग बुझाने के लिए दमकल गाड़ियों के साथ पानी के अतिरिक्त टैंकर और रोशनी के उपकरण भी भेजे गए। आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन कैट एंबुलेंस और दो पुलिस वाहन भी तैनात किए गए।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आग ग्राउंड फ्लोर की उस दुकान से शुरू हुई, जहां मोबाइल बैटरियां रखी थीं। बैटरियों के ओवरहीट होने या ओवरचार्जिंग को संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है। आग के कारणों का पता लगाने के लिए दमकल विभाग और विद्युत निरीक्षक की रिपोर्ट ली जाएगी। फॉरेंसिक टीम भी इमारत की जांच करेगी। इसके अलावा नगर निगम से भवन की संरचनात्मक सुरक्षा का आकलन कराया जाएगा।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #गफ्फार #मार्केट #भीषण #चार #मंजिला #इमारत #फैली #गफ्फारमार्केटमेंभीषण