मुंबई । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा है कि पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के गेंदबाजी एक्शन में गलती थी। सहवाग ने कहा कि अख्तर स्वयं भी इस बारे में जानता था।
सहवाग के अनुसार ब्रेट ली की गेंद को समझना आसान था क्योंकि उनका हाथ सीधे नीचे आता था पर पाक गेंदबाज के बारे में ऐसा नहीं था। शोएब को देखकर आप अंदाजा नहीं लगा सकते थे कि उनका हाथ और गेंद कहां से आएगी।
इस पूर्व क्रिकेटर ने कहा, शोएब जानता था कि वह हमेशा अपनी कोहनी को झटका देता था और यह नियमों के खिलाफ चकिंग है।
सहवाग ने कहा, मुझे ब्रेट ली का सामना करते कभी डर नहीं लगा लेकिन शोएब के साथ ऐसा नहीं था। मैं देखता था कि अगर मैं उसपर दो बार शॉट लगाता हूं तो वह क्या करेगा।
शायद बीमर या टो-क्रशिंग यॉर्कर आगे आएगा। गौरतलब है कि सहवाग को टेस्ट में शोएब का सामना करना काफी रास आया। उन्होंने 90 की औसत से एक शतक, दो दोहरे शतक और एक तिहरा शतक शोएब के रहते ही पाकिस्तान के खिलाफ ही लगाया था।