सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अफगानिस्तान के काबुल में तालिबान की तरफ से सोमवार को एक मीटिंग बुलाई गई थी। अफगान मीडिया के मुताबिक, इस मीटिंग में 10 देशों ने हिस्सा लिया जिसमें भारत भी शामिल हुआ।
अफगानिस्तान की समाचार एजेंसी खामा प्रेस ने बताया कि बैठक में हिस्सा लेने वाले देशों में भारत, कजाकिस्तान, तुर्किये, रूस, चीन, ईरान, पाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, इंडोनेशिया और किर्गिस्तान शामिल रहे।
इस बैठक का मकसद आपसी सहयोग को बढ़ावा देना था। बैठक को तालिबान शासन के कार्यवाहक विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी ने संबोधित किया। उन्होंने तालिबानी हुकूमत पर लगी पाबंदियां हटाने की भी मांग की।
2021 में तालिबान के फिर से सत्ता में आने के बाद कई देशों समेत भारत ने अफगानिस्तान से सारे डिप्लोमैटिक संबंध तोड़ दिए थे। दूतावास भी बंद कर दिया था। इस बीच तालिबान से सहयोग बढ़ाने के लिए हुई इस बैठक को अहम माना जा रहा है।
‘विवाद नहीं अच्छे संबंध चाहिए’
मुत्तकी ने सभी देशों को भरोसा दिलाया कि अफगानिस्तान की फॉरेन पॉलिसी अर्थव्यवस्था पर आधारित है। अफगानिस्तान विवाद और टकराव की बजाय पड़ोसी देशों से सकारात्मक संबंधों की उम्मीद करता है।
बैठक में मुत्तकी ने माना की अफागनिस्तान में बरसों की घुसपैठ, अंदरूनी संघर्ष को लेकर कई तरह की चुनौतियां हैं पर वो इनका समाधान चाहते हैं।
भारत ने अभी तक तालिबान की स्थापना को मान्यता नहीं दी
एक तरफ जहां अफगान मीडिया भारत की उपस्थिति का दावा कर रहा है, वहीं भारत ने इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया। हालांकि, पिछले साल भारत में अफगानिस्तान की पुरानी सरकार के नियुक्त किए राजदूत पर दोनों देशों में तनाव बढ़ाने की कोशिश करने के आरोप लगे थे। इसके बाद भारत में अफगानिस्तान की ऐंबैसी बंद हो गई थी।
तब इस बात के कयास लगाए गए थे कि भारत तालिबान के प्रति अपने रुख में नर्मी ला रहा है। वहीं, 26 जनवरी को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भारतीय दूतावास ने गणतंत्र दिवस समारोह में अफगान के कार्यवाहक दूत बदरुद्दीन हक्कानी को आमंत्रित भी किया था।