आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल के साथ जंग के बीच हमास लीडर याह्या सिनवार ने गाजा की एक सुरंग में इजराइली बंधकों से मुलाकात की थी। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, याह्या ने हिब्रू भाषा में कहा था कि आप सभी सबसे सुरक्षित जगह पर हैं। यहां डरने वाली कोई बात नहीं है। याह्या से मुलाकात के दौरान मौजूद एक बंधक ने रिहा होने के बाद इजराइली सैनिकों को ये जानकारी दी।
वहीं, इजराइल और हमास के बीच सीजफायर को 2 दिन और बढ़ा दिया गया है। यह बुधवार तक लागू रहेगा। BBC के मुताबिक, कतर और मिस्र की मध्यस्थता के बाद यह फैसला लिया गया। इस बीच हमास ने सोमवार देर रात 11 और इजराइली नागरिकों को रिहा कर दिया। इनमें 9 बच्चे और 2 महिलाएं शामिल हैं।
दूसरी तरफ, हमास ने आज रिहा होने वाले बंधकों की लिस्ट इजराइल को सौंपी है। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, बदले में इजराइल जिन कैदियों को छोड़ेगा उनमें अगले 2 दिन में रिहा होने वाली फिलिस्तीनी एक्टिविस्ट अहद तमीमी शामिल है।
सोमवार को रिहा हुए कैदियों में इजराइल के किबुत्ज नीर ओज में रहने वाली 2 जुड़वा बच्चियां भी थीं। 3 साल की यूली और एम्मा को उनकी मां शैरन अलोनी कूनियो के साथ आजाद किया गया। हालांकि, उनके पिता डेविड अब भी हमास की कैद में हैं।
अब तक 69 बंधक, 150 फिलिस्तीनी आजाद हुए
उधर, इजराइल ने भी देश के अलग-अलग जेलों में बंद 30 बच्चों और 3 महिलाओं समेत 33 फिलिस्तीनियों को छोड़ दिया। CNN के मुताबिक इस तरह इजराइल ने अब तक अपनी जेलों से 150 फिलिस्तीनियों को रिहा किया, तो वहीं हमास 69 बंधकों को छोड़ चुका है। इनमें 50 इजराइली बंधक और 19 विदेशी नागरिक शामिल हैं। इजराइल और हमास के बीच जारी जंग का मंगलवार को 53वां दिन है।
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन इस हफ्ते एक बार फिर से इजराइल दौरे पर जाएंगे। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, ये जंग शुरू होने के बाद उनकी तीसरी इजराइल यात्रा होगी। बेल्जियम में मंगलवार और बुधवार को यूक्रेन से जुड़ी नाटो की बैठकों में शामिल होने के बाद ब्लिंकन इजराइल पहुंचेंगे। इस दौरान वो वेस्ट बैंक का भी दौरा करेंगे।
हमास ने जल्द जंग खत्म करने की उम्मीद जताई
सीजफायर पर हमास का कहना है कि वो जंग खत्म करना चाहता है। अल जजीरा के मुताबिक, हमास लीडर गाजी हमद ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि ऐसा करके हम जल्द जंग खत्म कर पाएंगे और फिलिस्तीनी लोगों पर हो रहे हमलों को रोक पाएंगे।’ हमास-इजराइल सीजफायर के बड़े अपडेट्स…
अमेरिकी नेशनल सिक्योरिटी के स्पोक्सपर्सन जॉन किर्बी ने कहा कि सीजफायर के अगले दो दिन में हमास ने 20 महिलाओं और बच्चों को रिहा करने का वादा किया है।
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, इजराइल ने कहा कि वो आने वाले 2 दिन में 50 फिलिस्तीनियों को रिहा करेगा।
अलजजीरा के मुताबिक, 53 दिनों से चल रही इजराइल-हमास जंग में अब तक 15 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। वहीं हमास के हमले में करीब 1200 इजराइली मारे जा चुके हैं।
बंधकों के परिजानों को जॉब सिक्योरिटी देने वाला कानून पास
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, इजराइली संसद नीसेट ने जंग से प्रभावित लोगों और बंधकों के परिजनों को नौकरी की सुरक्षा देने वाला कानून पास कर दिया है। इस कानून के तहत इन लोगों को नौकरी से नहीं निकाला जा सकता। फिलहाल इस कानून को तीन महीने के लिए लागू किया गया है। आने वाले समय में इसकी अवधि एक साल के लिए बढ़ाई जा सकती है।
बीच पर खेलते नजर आए बच्चे
गाजा में सीजफायर के बीच फिलिस्तीनी बच्चे बीच पर खेलते नजर आए। समुद्र किनारे बच्चे अपने माता-पिता के साथ खुश दिखे। रेत पर मां के साथ बैठी असमा ने कहा- हम फिलहाल UN शेल्टर में रह रहे हैं। हमले बंद हुए इसलिए नॉर्थ गाजा में स्थित अपने घर आए। हर जगह बस तबाही देखने को मिली। लोग दुखी हैं, इसलिए हम बीच पर आ गए। हम यहां सांस ले पा रहे हैं।
गाजा के हाल हर दिन बदतर हो रहे
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस का कहना है कि गाजा के हाल हर दिन बदतर होते जा रहे हैं। वहां दो-चार दिन के सीजफायर नहीं, बल्कि जंग खत्म करने की जरूरत है। उन्होंने कहा- पूर्ण युद्धविराम गाजा की समस्याओं का हल है। यही लोगों के हित में भी है। हमास को भी बिना किसी शर्त सभी बंधकों को आजाद कर देना चाहिए।