ITDC India e-Press / Agencies

गाजियाबाद: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल का मैदान देश की विविधता और एकता का जीवंत प्रतीक है। यहां अलग-अलग भाषाओं, वेशभूषाओं और संस्कृतियों से आने वाले खिलाड़ी एक साथ प्रतिस्पर्धा करते हैं। खेल के मैदान में मिनी इंडिया की तस्वीर दिखाई देती है, जो एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करती है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व और राष्ट्रभावना विकसित करने का भी महत्वपूर्ण जरिया हैं।

मुख्यमंत्री बुधवार को गाजियाबाद पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में विद्या भारती के 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग क्षेत्रों से 731 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

धामी ने खिलाड़ियों से कहा कि जीत उन्हें आगे बढ़ने का उत्साह देती है, जबकि हार अपनी कमियों को पहचानकर बेहतर प्रदर्शन करने की सीख देती है। उन्होंने नियमित अभ्यास, बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और पढ़ाई के साथ खेल एवं संस्कारों को महत्व देने का आह्वान किया। पेरिस पैरालंपिक 2024 में रजत पदक जीतने वाले निशाद कुमार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने विद्या भारती के शिक्षा और संस्कार आधारित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है। उत्तराखंड सरकार भी खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण संसाधनों का विस्तार कर रही है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।

कार्यक्रम के अंत में धामी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और आयोजन से जुड़े शिक्षकों, प्रशिक्षकों तथा पदाधिकारियों की सराहना की।


Hashtags: #DelhiState #Bhopal #खेल #मैदान #दिखती #मिनी #इंडिया #तस्वीर #धामी #खेलमैदानमेंदिखती