सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कभी-कभी एक आवश्यक दस्तावेज़ का अभाव व्यक्ति के जीवन में बड़ी कठिनाइयाँ उत्पन्न कर देता है। ऐसे ही दो मामले हाल ही में एसडीएम कार्यालय टी.टी. नगर पहुँचे, जहाँ समय पर मिले प्रशासनिक सहयोग और उचित मार्गदर्शन से दोनों हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान संभव हो सका।
पहला मामला एक महिला का था, जो लंबे समय से आधार कार्ड उपलब्ध न होने के कारण विभिन्न समस्याओं का सामना कर रही थीं। कोविड काल के बाद उनके आवश्यक दस्तावेज़ ससुराल में रह गए थे तथा बीमारी के कारण उन्हें यह जानकारी भी नहीं थी कि उनका आधार कार्ड वर्षों पूर्व महाराष्ट्र में बनाया गया था। एसडीएम टी.टी. नगर डॉ. अर्चना शर्मा के मार्गदर्शन में ई-गवर्नेंस टीम एवं यूआईडीएआई के सहयोग से उनका पुराना आधार रिकॉर्ड ट्रेस कर उन्हें उपलब्ध कराया गया। आधार प्राप्त होने के बाद महिला ने राहत महसूस की और अब वे अपने आवश्यक कार्य आत्मविश्वास के साथ कर सकेंगी।
दूसरा मामला “मुस्कान मिट्टी का घर” संस्था से जुड़ी एक बालिका का था, जो पिछले एक वर्ष से आधार कार्ड उपलब्ध न होने के कारण कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो पा रही थी। एसडीएम कार्यालय टी.टी. नगर में प्रकरण पहुँचने पर ई-गवर्नेंस टीम और यूआईडीएआई के समन्वय से नागपुर से बना उसका आधार कार्ड ट्रेस कर बालिका को उपलब्ध कराया गया। आधार मिलने के बाद अब वह बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकेगी।
इन दोनों मामलों ने यह सिद्ध किया है कि जागरूकता, सही जानकारी और प्रशासनिक सहयोग से जटिल समस्याओं का भी समाधान संभव है।
आधार संबंधी अधिकृत जानकारी एवं सेवाओं के लिए नागरिक यूआईडीएआई की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करें तथा किसी भी अनधिकृत माध्यम से आधार सेवाएँ प्राप्त करने का प्रयास न करें।
#एसडीएम_टीटी_नगर #आधार_कार्ड #प्रशासनिक_पहल #भोपाल_समाचार #जरूरतमंदों_की_मदद #सरकारी_सेवा #पहचान_सुविधा #स्थानीय_समाचार