सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, निशातपुरा, भोपाल में कारखाना राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 87वीं तिमाही बैठक का सफल आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं मुख्य कारखाना प्रबंधक प्रफुल्ल वी. कोहाड़े ने की। इस बैठक में केंद्र सरकार की राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग-प्रसार, तथा सरकारी कार्यों में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने के विषयों पर गहन चर्चा की गई। साथ ही दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही में किए गए कार्यों की समीक्षा भी की गई। बैठक के प्रारंभ में उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (सडीएफके) हनुमान प्रसाद मीना ने अध्यक्ष का पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके पश्चात संपर्क राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी एम.एल. मीना ने स्वागत भाषण देते हुए बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रफुल्ल वी. कोहाड़े ने कहा कि कारखाना में राजभाषा हिंदी का प्रयोग-प्रसार पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे उत्पादन कार्यों के साथ-साथ राजभाषा नीति का पालन सुनिश्चित करें और हिंदी के संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी रखते हुए इसके प्रयोग को बढ़ावा दें। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदी के माध्यम से सरकारी कार्य आमजन की भाषा में सहजता से संपादित किए जा सकते हैं। बैठक में राजभाषा अनुभाग द्वारा प्रकाशित राजभाषा दैनंदिनी 2026 का विमोचन भी किया गया। इसमें संवैधानिक प्रावधान, अधिनियम, नियम और कार्यालयीन कार्यों में उपयोगी जानकारी शामिल है, जिससे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दैनिक कार्य हिंदी में करने में सहायता मिलेगी। बैठक में कारखाना के विभिन्न विभागों के अधिकारी, शॉप एवं अनुभाग प्रभारी, पर्यवेक्षक और मुख्य कार्यालय अधीक्षक तथा उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन एवं आभार प्रदर्शन वरिष्ठ अनुवादक राकेश कुमार मालवीय द्वारा किया गया। यह बैठक कारखाना में हिंदी के संवैधानिक प्रयोग और राजभाषा नीति के अनुपालन को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण साबित हुई।

 

#सवारीडिब्बाकारखाना #राजभाषा #निशातपुरा #हिंदीकार्यक्रम #सरकारीबैठक