मुम्बई । लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान लोकेश राहुल ने राजस्थान रॉयल्स के हाथों मिली हार के लिए बल्लेबाजों को जिम्मेदार बताया है।
राहुल ने कहा कि पावरप्ले में हमारे बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक रन नहीं बना पाये। । इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने लखनऊ को जीत के लिए 179 रनों का लक्ष्य दिया था पर लखनऊ की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट पर 158 रन ही बना पाई।
इस हार के साथ ही लखनऊ की टीम को अंक तालिका में नुकसान हुआ है और वह दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गयी है। हार से निराश राहुल ने कहा कि हम इस लक्ष्य को हासिल कर सकते थे। हमारे गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए विरोधी टीम को रोक दिया था पर हमारे बल्लेबाज योजना के अनुसार नहीं खेल पाये। अब हमें अगले मैचों में अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देना होगा।
राहुल ने इसके साथ ही कहा कि जब शुरुआत में विकेट गिर जाते हैं तो बल्लेबाजों पर ज्यादा दबाव बन जाता है। हमने पिछले 3-4 मैच पावरप्ले में ही खो दिए थे जिसके कारण ये मैच हमारे हाथ से निकल गये। अब हमें आगे के मैचों में बेहतर तरीके से खेलना होगा।