दिल्ली में सस्ती होगी प्रीमियम स्कॉच, आयात शुल्क में कटौती का असर
नई दिल्ली: दिल्ली में प्रीमियम स्कॉच व्हिस्की के शौकीनों को जल्द कीमतों में राहत मिल सकती है। भारत और ब्रिटेन के बीच हुए व्यापक मुक्त व्यापार समझौते के तहत ब्रिटिश शराब पर आयात शुल्क घटाए जाने के बाद दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने नई कीमतें लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ आयातकों और थोक विक्रेताओं को संशोधित लागत के आधार पर मंजूरी भी दी जा चुकी है। नई दरें नवंबर महीने में बाजार में दिखाई देने की संभावना है।
समझौते के तहत ब्रिटेन से आयात होने वाली पात्र व्हिस्की और जिन पर सीमा शुल्क 150 प्रतिशत से घटाकर 75 प्रतिशत किया गया है। इसे अगले दस वर्षों में चरणबद्ध तरीके से घटाकर 40 प्रतिशत तक लाने का प्रावधान है। इस बदलाव का लाभ उन उत्पादों को मिलेगा, जो समझौते में निर्धारित मूल देश संबंधी शर्तों को पूरा करते हैं।
उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों के अनुमान के मुताबिक, जॉनी वॉकर जैसे प्रीमियम स्कॉच ब्रांड की एक बोतल पर करीब 200 से 300 रुपये तक की कमी हो सकती है। वहीं, भारत में बोतलबंद होने वाले ब्लैक डॉग, 100 पाइपर्स, पासपोर्ट, वेट 69 और ब्लैक एंड व्हाइट जैसे ब्रांडों की कीमतों में लगभग 100 से 150 रुपये तक की गिरावट का अनुमान है। हालांकि, वास्तविक कटौती ब्रांड और उसकी लागत के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।
आबकारी विभाग पहले संशोधित कीमतों को होटल, क्लब और रेस्टोरेंट श्रेणी में लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकता है। इसके बाद खुदरा दुकानों तक नई दरें पहुंचेंगी। पुराना स्टॉक खत्म होने और नई कीमतों वाला माल बाजार में आने में कुछ सप्ताह लग सकते हैं।
इसलिए सभी स्कॉच ब्रांड की कीमतों में एक साथ या समान अनुपात में कमी होना जरूरी नहीं है। ग्राहकों को नई दरों के लिए संशोधित मूल्य सूची जारी होने का इंतजार करना होगा।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #सस्ती #होगी #प्रीमियम #स्कॉच #आयात #शुल्क #दिल्लीमेंसस्तीहोगी