दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का कहर, GRAP-2 लागू
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ने के बाद लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राजधानी की हवा इस मौसम में पहली बार बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने सोमवार, 2 नवंबर को पूरे दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया।
सीएक्यूएम के अनुसार, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 31 अक्टूबर को 117 था, जो 1 नवंबर को बढ़कर 261 हो गया। सोमवार को यह और बढ़कर 324 दर्ज किया गया। आयोग ने इसके पीछे प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों को प्रमुख कारण बताया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मेटियोरोलॉजी (IITM) के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी हवा बेहद खराब श्रेणी में रह सकती है।
GRAP-2 के तहत सड़कों की नियमित मैकेनिकल और वैक्यूम स्वीपिंग, पानी के छिड़काव और धूल नियंत्रित करने वाले पदार्थों के इस्तेमाल को तेज किया जाएगा। प्रदूषण वाले क्षेत्रों और निर्माण स्थलों पर निगरानी बढ़ेगी। निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने के लिए पार्किंग शुल्क बढ़ाने और सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहित करने के कदम भी शामिल हैं।
होटल, रेस्तरां और ढाबों में कोयले तथा लकड़ी से चलने वाले तंदूरों के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। डीजल जनरेटर के उपयोग पर भी नियंत्रण और औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण मानकों की जांच सख्त की जाएगी। मेट्रो, बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की आवृत्ति बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन या कारपूलिंग अपनाने, वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र वैध रखने और कचरा खुले में नहीं जलाने की अपील की है।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #एनसीआर #प्रदूषण #कहर #Grap #लागू #दिल्ली #सीएनएन #एनसीआरमेंप्रदूषणका