आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अवंतिका गैस में नौकरी पाने के लिए पीएमओ से लेटर भेजने का मामला सामने आया है। पीएमओ डायरेक्टर की तरफ से सिफारिश की गई है। लेटर देखने के बाद कंपनी के अधिकारी भी पहले सकते में आ गए। अब उन्होंने मामले में पुलिस को शिकायत की है। प्रारंभिक जांच में लेटर फर्जी पाया गया है। मामले में जांच की जा रही है। जानिए क्या है पूरा मामला
मैनेजर को लिखे लेटर पर संजय लोहिया का नाम
दरअसल, विजय नगर क्षेत्र में बिजनेस पार्क है। वहां अवंतिका गैस प्राइवेट लिमिटेड का ऑफिस है। वहां 20 जुलाई को रिसेप्शन पर एक लेटर दिया गया था। लेटर हेड पर नाम लिखा हुआ था संजय लोहिया डायरेक्टर पीएमओ। लेटर अवंतिका गैस के मैनेजिंग डायरेक्टर के नाम पर था। लेटर में लिखा था कि दीपक अवस्थी को असिस्टेंट प्रोजेक्ट मैनेजर के नाम पर पदस्थ किया जाए। प्रारंभिक जांच में ये लेटर फर्जी पाया गया है। अवंतिका गैस के विधि विभाग के राहुल ने अपने वकील प्रशांत के साथ क्राइम ब्रांच में मामले की शिकायत की है। मामले में फरियादी राहुल पिता प्रदीप पस्तोर उम्र 34 साल निवासी बिजनेस पार्क की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 417, 468, 471 में केस दर्ज किया है। कंपनी की तरफ से पुलिस को ये बताया गया है कि अज्ञात व्यक्ति रिसेप्शन पर ये लिफाफा दे गया था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दो महीने पहले कंपनी के ऑफिस पर अज्ञात व्यक्ति नियुक्ति के संबंध में लिफाफा दे गया था। पुलिस अब उस दिन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल ये पता लगाने में जुटी है कि रिसेप्शन पर नियुक्ति के संबंध में लिफाफा रखने वाला व्यक्ति कौन था।
दीपक अवस्थी का पता लगा रहे हैं
जिस दीपक अवस्थी को असिस्टेंट मैनेजर के पद पर पदस्थ करने की बात लेटर में लिखी है वो कौन है ये अभी पता नहीं चल पाया है। मामले में जांच की जा रही है। लेटर में किसी प्रकार का कोई कॉन्टैक्ट नंबर भी नहीं है। लेटर देने के बाद भी किसी ने नियुक्ति के लिए संपर्क नहीं किया है। सभी पहलुओं पर जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज भी देख रहे हैं।