आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश गुरुपर्व को मनाने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) द्वारा सिख श्रद्धालुओं का एक जत्था पाकिस्तान के लिए रवाना किया गया। इस ग्रुप का नेतृत्व कमेटी के वरिष्ठ सदस्यों ने किया। इस साल पाकिस्तान सरकार ने 50 प्रतिशत सिख श्रद्धालुओं के वीजा को रिजेक्ट कर दिया। जिस पर श्रद्धालुओं ने नाराजगी जाहिर की है।

ग्रुप की अध्यक्षता कर रहे खुशविंदर सिंह भाटिया ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व समारोह पूरी दुनिया में मनाया जाता है। उनके कई स्थान पाकिस्तान में हैं, जहां चढ़ते पंजाब के लोग जा नहीं पाते, लेकिन गुरु साहिब के प्रकाश स्थान पर गुरु पर्व समारोह का हिस्सा बनना भक्तों के लिए एक शुभ व भावुक क्षण है।

896 लोगों को ही दिया वीजा

SGPC की तरफ से इस साल 1684 तीर्थ यात्रियों के पासपोर्ट वीजा के लिए भेजे गए थे। जिनमें से सिर्फ 896 तीर्थ यात्रियों को ही पाकिस्तान उच्चायोग की तरफ से वीजा दिया, जबकि 788 के वीजा रिजेक्ट कर दिए गए हैं। जिन श्रद्धालुओं का वीजा नहीं लगता उनके मन को ठेस पहुंचती है। जिससे तीर्थ यात्री नाराज हैं।

पाकिस्तान के गुरुद्वारों के दर्शन करेंगे श्रद्धालु

शिरोमणि कमेटी के सचिव प्रताप सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में प्रकाश गुरु पर्व मनाया जाएगा। इसके साथ पाकिस्तान में अन्य ऐतिहासिक गुरु-स्थानों का भी दौरा किया जाएगा। 26 नवंबर को तीर्थ यात्रियों का जुलूस गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब से गुरुद्वारा श्री सच्चा सौदा, मंडी चूहड़काना (शेखूपुरा) तक मत्था टेकेगा।

27 नवंबर को यह जत्था गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में प्रकाश गुरुपर्व समारोह में भाग लेगा। इसी तरह 29 नवंबर को तीर्थ यात्री गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब आसन अब्दाल जाएंगे। 30 नवंबर को जत्था गुरुद्वारा श्री डेरा साहिब लाहौर पहुंचेगा। 2 दिसंबर को संगत शाम को गुरुद्वारा श्री डेहरा साहिब लाहौर से गुरुद्वारा श्री रोरी साहिब अमानाबाद और गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब श्री करतारपुर साहिब के लिए रवाना होंगे।