आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान अब तीसरी शादी को लेकर भी कानूनी और मजहबी मामले में उलझते नजर आ रहे हैं। इमरान की पत्नी बुशरा बीबी ने सोमवार को इस्लामाबाद हाईकोर्ट में एक पिटीशन दायर की। इसमें कहा- इमरान से मेरी शादी को गैर कानूनी या गैर इस्लामी घोषित न किया जाए।
दरअसल, दो महीने पहले बुशरा के पहले पति और पाकिस्तान के बड़े कारोबारी खावर मानेका ने खान और पहली पत्नी के खिलाफ खिलाफ दायर अपील में कहा था कि इनकी शादी न सिर्फ गैर कानूनी है, बल्कि गैर इस्लामी भी है। खावर के मुताबिक- बुशरा ने इद्दत (तलाक और दूसरी शादी के बीच शरीयत के मुताबिक तय वक्त या मियाद) पूरी किए बिना ही खान से निकाह किया था। लिहाजा, इसे गैर कानूनी घोषित किया जाए।
याचिका खारिज करने की मांग
इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) इस मामले पर कुछ भी कहने से बच रही है। पार्टी के मुताबिक- यह खान और बुशरा के बीच का मामला है और सियासत से इसका ताल्लुक नहीं है। लेकिन, ये भी सही है कि पाकिस्तान जैसे कट्टरपंथी इस्लामी मुल्क में यह मुद्दा और वो भी चुनावी के वक्त खान की मुश्किलें बढ़ा रहा है। खान इस वक्त करप्शन केस में सजा होने के बाद जेल में हैं।
बहरहाल, बुशरा ने सोमवार को हाईकोर्ट में दायर पिटीशन में कहा- मेरे पूर्व पति ने इमरान से मेरी शादी को धोखाधड़ी, गैर कानूनी और गैर इस्लामी करार दिए जाने की मांग की है। मेरी अपील है कि हाईकोर्ट मेरे पूर्व शौहर (खावर मानेका) की पिटीशन को खारिज कर दे। वैसे भी ट्रायल कोर्ट को इस तरह के मामले सुनने का अधिकार नहीं है और खावर ने यह अपील ट्रायल कोर्ट में ही दायर की थी।
बुशरा की पिटीशन में पूर्व पति पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने गलत मंशा से आरोप लगाए हैं। इसके लिए जो दस्तावेजी सबूत दिए हैं, वो भी जाली हैं। लिहाजा पिटीशन खारिज की जाए।
पहले पति के आरोप
बुशरा के पहले पति खावर ने इमरान और बुशरा के निकाह को गैर कानूनी और गैर इस्लामी बताते हुए जो पिटीशन दायर की थी, उसमें कहा गया था कि ये निकाह धोखे से किया गया है। खावर की पिटीशन में कहा गया- बुशरा ने इद्दत के दौरान इमरान से निकाह किया था। ये न सिर्फ गैर कानूनी है, बल्कि शरीयत के खिलाफ भी है।
‘जियो न्यूज’ के मुताबिक- तलाक या पति की मौत के बाद महिला को एक तय वक्त अकेले गुजारना होता है। इस दौरान वो दूसरी शादी नहीं कर सकती। इसे ही इद्दत कहा जाता है। खावर ने पिटीशन में कहा- इमरान और बुशरा का निकाह कानून और इस्लाम दोनों के खिलाफ है, क्योंकि इद्दत पूरी नहीं की गई। इमरान ने साजिश रचकर मेरी और मेरे परिवार की जिंदगी तबाह कर दी।
खावर ने आगे कहा- मेरी अदालत से गुजारिश है कि इमरान और बुशरा को अदालत में तलब किया जाए और कानून के मुताबिक उन्हें सजा भी सुनाई जाए। मैं सिविल जज के सामने अपना तफ्सीली बयान दर्ज करा चुका हूं।