सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कइंटीग्रेटेड ट्रेडन्यूज़ भोपाल: 25 साल की डॉक्टर सवीरा प्रकाश को बिलावल भुट्टो जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से विधानसभा चुनाव के लिए टिकट दिया है। सवीरा बुनेर जिले से चुनाव लड़ेंगी। उनके पिता ओम प्रकाश ने न्यूज एजेंसी PTI को यह जानकारी दी। पाकिस्तान में पहली बार कोई हिंदू महिला विधानसभा चुनाव लड़ रही है।

सवीरा ने खैबर पख्तूनख्वा की PK-25 सीट से नॉमिनेशन फाइल कर दिया है। इसके अलावा सवीरा ने महिलाओं के लिए रिजर्व एक सीट के लिए भी नॉमिनेशन फाइल किया है। पाकिस्तान में नेशनल असेंबली और चार राज्यों की प्रोविंशियल असेंबलीज के लिए 8 फरवरी को वोटिंग होगी।

पार्टी सांसद ने प्रेरणा दी

खैबर की एक सीट से रूबीना खालिद सीनेटर हैं। उन्होंने सवीरा को चुनाव लड़ने का हौसला और प्रेरणा दी। इसके बाद पीपुल्स पार्टी ने सवीरा को बुनेर जिले से टिकट देने का फैसला किया। खुद रूबीना ने इसका ऐलान किया।

सवीरा के पिता ने कहा- मेरी बेटी सवीरा काबिल कैंडिडेट है। वो 8 फरवरी का चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा रिजर्व सीट से भी उसकी दावेदारी तय है। ओम प्रकाश खुद भी रिटायर्ड डॉक्टर हैं। वो 35 साल से PPP के सदस्य हैं।

बुनेर में कौमी वतन पार्टी के नेता सलीम खान ने कहा- सवीरा बुनेर की जनरल सीट से नॉमिनेशन फाइल करने वाली पहली महिला हैं।