ITDC India e-Press / Agencies

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित लवली पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह तीसरी कक्षा की नौ वर्षीय छात्रा की अचानक मौत हो गई। खेलकूद की कक्षा के बाद क्लासरूम में लौटी बच्ची कुछ देर बाद अचानक फर्श पर गिर पड़ी। पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को सुबह करीब 9:52 बजे इस घटना की सूचना पीसीआर को मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खेलकूद की गतिविधि के बाद छात्रा अन्य बच्चों के साथ कक्षा में लौटी थी। सीसीटीवी फुटेज में वह कक्षा में प्रवेश करने के कुछ समय बाद अचानक गिरती दिखाई दे रही है। शिक्षिका तुरंत उसके पास पहुंचीं और उसे उठाकर कुर्सी पर बैठाने की कोशिश की। इसके बाद स्कूल स्टाफ बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गया।

स्कूल प्रबंधन के अनुसार, बच्ची को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे दूसरे अस्पताल पहुंचाया गया। निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्कूल की प्रधानाचार्या ने मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया है।

हालांकि, बच्ची की मौत की वास्तविक वजह अभी आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। छात्रा के परिजनों और स्कूल अधिकारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

इस घटना के बाद स्कूलों में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं, प्राथमिक उपचार और सीपीआर प्रशिक्षण की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठे हैं।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #स्कूल #वर्षीय #छात्रा #अचानक #मौत #पूर्वी #दिल्लीकेस्कूलमें