सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कइंटीग्रेटेड ट्रेड .. न्यूज़ भोपाल : पन्नू केस में आरोपी निखिल गुप्ता को अमेरिका प्रत्यर्पित किया जा सकता है। चेक रिपब्लिक की एक कोर्ट ने उसे अमेरिका प्रत्यर्पित करने वाली अपील को मंजूरी दे दी है। चेक रिपब्लिक के न्याय मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि मामले में सभी संबंधित पक्षों को फैसला सुनाए जाने के बाद अंतिम निर्णय न्याय मंत्री पावेल ब्लेजेक लेंगे।

दरअसल, अमेरिका ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता पर खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू को मारने की साजिश के आरोप लगाए थे। इसके बाद उसे एक दूसरे देश चेक रिपब्लिक में गिरफ्तार कर लिया था।

हालांकि, अमेरिका ने अब तक निखिल गुप्ता के खिलाफ सबूत पेश नहीं किए हैं। 11 जनवरी को अमेरिकी सरकार ने कहा था कि वो निखिल गुप्ता को चेक रिपब्लिक से अमेरिका लाने के बाद ही न्यूयॉर्क की कोर्ट में उसके खिलाफ सबूत देंगे।

भारत को तीन बार कॉन्सुलर एक्सेस मिला

निखिल को 30 जून को अमेरिकी सरकार के अनुरोध पर चेक रिपब्लिक में गिरफ्तार कर लिया गया था। विदेश मंत्रालय के पूर्व प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया था कि भारत को तीन बार गुप्ता का कॉन्सुलर एक्सेस मिल चुका है।

पिछले महीने पन्नू की हत्या की साजिश के आरोपी निखिल गुप्ता के परिवार ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि निखिल को प्राग (चेक रिपब्लिक) की जेल में गैर कानूनी तरीके से कैद कर रखा है। जेल में उसे खाने के लिए जबरन सुअर और गाय का मीट दिया गया, जो हिंदू रीति रिवाजों के खिलाफ है।

उसने अधिकारियों को इस बारे में बताया भी, लेकिन उसे शाकाहारी खाना नहीं मिला। प्राग के अधिकारियों ने उससे कहा था कि अमेरिका की इजाजत के बिना वह किसी को भी फोन नहीं कर सकता है।

जून 2023 में PM मोदी के सामने उठा था यह मामला

अमेरिकी सरकार ने आरोप लगाया था कि न्यूयॉर्क में पन्नू पर जानलेवा हमले की साजिश रची गई थी। इसमें भारत का हाथ था। इस साजिश को नाकाम कर दिया गया। हालांकि, यह नहीं बताया गया कि हमला किस दिन होने वाला था।

जून 2023 में PM नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे के बाद ही अमेरिकी अधिकारियों ने भारत के सामने यह मुद्दा उठाया था। इस बात का खुलासा 22 नवंबर 2023 को पब्लिश हुई फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में हुआ था।

अमेरिका में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में 29 नवंबर को न्यूयॉर्क पुलिस की चार्जशीट सामने आई थी। इसमें भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता पर पन्नू की हत्या की साजिश का आरोप है। इसमें लिखा है- भारत के एक पूर्व CRPF अफसर ने उसे पन्नू की हत्या की प्लानिंग करने को कहा था।

पन्नू की हत्या करने के लिए 83 लाख रुपए में डील हुई

चार्जशीट में लिखा है कि भारतीय अफसर के कहने पर निखिल ने एक अपराधी से पन्नू के मर्डर के लिए कॉन्टैक्ट किया, लेकिन असल में वह एक अमेरिकी एजेंट था। इस एजेंट ने निखिल की पहचान एक और अंडरकवर अधिकारी से कराई, जिसने पन्नू का मर्डर करने की बात कही। इसके लिए करीब 83 लाख रुपए में डील हुई थी।