आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : न्यूजीलैंड में ऑकलैंड कोर्ट ने भारतीय मूल के रेडियो होस्ट हरनेक सिंह की हत्या के मामले में 3 खालिस्तानियों को सजा सुनाई। हालांकि, यह जानकारी नहीं मिली है कि इन तीनों को कब-कब सजा सुनाई गई। तीनों ने 2020 में हरनेक को मारने की कोशिश की थी। उन पर चाकू से कई वार किए थे। दरअसल, हरनेक खालिस्तान के खिलाफ बोलते रहे हैं। इस वजह से उन्हें टारगेट किया गया था।

NZ हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, 48 साल का न्यूजीलैंड का नागरिक इस साजिश का मास्टरमाइंड है। उसका नाम नहीं बताया गया है। उसे 13 साल की सजा हुई है। वहीं, 27 साल के सर्वजीत सिधू को 9 साल की सजा हुई है। 44 साल के सुखप्रीत सिंह को छह महीने के लिए घर में नजरबंद किया गया है।

2020 का मामला

यह मामला साल 2020 का है। 23 दिसंबर 2020 को रेडियो होस्ट हरनेक सिंह कार से घर जा रहे थे। तभी हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावर तीन गाड़ियों में आए थे। तीनों हमलावरों के साथ कई और लोग भी थे। इन लोगों ने हरनेक की कार को घेरा और उन पर चाकू से 40 बार हमला किया।

हरनेक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद कार को लॉक किया और हॉर्न बजाना शुरु कर दिया। आवाज सुनकर आस-पास रह रहे लोग उनकी मदद के लिए आए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। शरीर में 350 से ज्यादा टांके लगे और कई सर्जरी हुईं, जिसके बाद हरनेक को बचाया जा सका।

‘काम हो गया है’

ऑस्ट्रेलिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, जिन लोगों ने हरनेक पर हमला किया था, उनमें से एक जसपाल सिंह है। मई 2022 में ऑक्लैंड हाई कोर्ट ने हत्या की कोशिश करने के आरोप में जसपाल को 5 साल की सजा सुनाई थी। सुनवाई के दौरान हरनेक के दोस्त अवतार ने साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड के खिलाफ बयान दिया था।

वहीं, अवतार के एक अन्य दोस्त बलजिंदर ने कोर्ट को बताया था कि उसे हरनेक को मारने की सुपारी दी गई थी। हालांकि, उसने हरनेक को मारने से मना कर दिया। इसके बाद 23 दिसंबर को 2020 को हरनेक पर हमला करने के बाद जसपाल ने बलजिंदर को फोन करके कहा था- काम हो गया है। अब वो रेडियो पर कुछ नहीं बोल पाएगा।

मैं अपने विचार बेझिझक व्यक्त करता रहूंगा : हरनेक

हमलावरों को सजा दिए जाने के बाद हरनेक ने उनसे कहा- तुम लोग मुझे मारने आए थे। मुझे चुप करना चाहते थे। खालिस्तान के खिलाफ बोलने वाले लोगों को डराना चाहते थे, लेकिन तुम ऐसा नहीं कर पाए। तुम सब फेल हो गए और न्याय की जीत हुई। मैं हमेशा से अपने विचार व्यक्त करता हूं और आगे भी बेझिझक अपने विचार व्यक्त करता रहूंगा।

नई पहचान के लिए हमशक्ल के कत्ल की साजिश रची:केक में जहर मिला दिया; अमेरिका में रूसी महिला को 21 साल की सजा दी गई

अमेरिका में रह रही एक रूसी मूल की महिला ने अपनी हमशक्ल को मारने की कोशिश की। इसके लिए उसे अमेरिकी कोर्ट ने 21 साल की सजा सुनाई है। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, 47 साल की विक्टोरिया नासीरोवा ने न्यूयॉर्क में रह रही अपनी हमशक्ल ओल्गा स्विक के चीज केक में जहर मिला दिया था।