सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय नौसेना ने अरब सागर में सोमालिया के पूर्वी तट के पास से सोमवार को 19 पाकिस्तानी नाविकों की जान बचाई। ईरान के झंडे वाले जहाज को 11 समुद्री लुटेरों ने किडनैप कर लिया था। इसके बाद नौसेना ने जहाज को रेस्क्यू करने के लिए अपना युद्धपोत INS सुमित्रा भेजा था। नौसेना ने रेस्क्यू किए जहाज का नाम FV अल नाईमी बताया है।

रेस्क्यू की कॉल मिलने के बाद भारतीय नौसेना ने समुद्री लुटेरों को सभी नाविकों को छोड़ने के लिए मजबूर किया। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद लुटेरों को पकड़ लिया। पिछले 36 घंटे में ये दूसरा मामला है जब भारतीय नौसेना ने समुद्री लुटेरों के खिलाफ अभियान चलाने के लिए अपना युद्धपोत भेजा।

रविवार रात को भी भारत ने ईरान के फिशिंग वैसेल FV ईमान का रेस्क्यू किया था। इसे भी समुद्री लूटेरों ने पकड़ लिया था। इस पर 17 ईरानी क्रू मेंबर्स सवार थे। दोनों ऑपरेशन कोच्चि के पश्चिम से 850 नॉटिकल मील, यानी 1574 किलोमीटर दूर चलाए गए।

भारतीय नौसेना ने जहाज पर सभी 11 समुद्री लुटेरों को पकड़ लिया।

तस्वीर हाईजैक के वक्त की है। इसमें हथियारों के साथ शिप पर मौजूद समुद्री लुटेरे नजर आ रहे हैं।

हाईजैक किए जहाज की निगरानी के लिए भारतीय नौसेना ने अपने हेलिकॉप्टर भेजा था।

ये अरब सागर में समुद्री लुटेरों के हमले का छठा मामला है। इन घटना से 15 दिन पहले ही भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS सुमित्रा ने एक ईरानी जहाज को समुद्री डाकुओं से बचाया था। सोमवार को एक बार फिर से ईरान के झंडे वाले जहाज अल नईमी पर समुद्री लूटेरों ने हमला कर दिया था और इस पर मौजूद सभी 19 लोगों को बंधक बना लिया था।

हाईजैक की पिछली तीन घटनाएं….

4 जनवरी: लाइबेरिया के जहाज पर सवार 15 भारतीयों को बचाया गया

4 जनवरी को अरब सागर में सोमालिया के तट के पास लाइबेरिया के फ्लैग वाले जहाज लीला नोर्फोर्क को 4-5 हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने हाईजैक कर लिया था। भारतीय नौसेना ने बताया कि जहाज ने ब्रिटेन के मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) पोर्टल पर एक संदेश भेजा था।

इसके बाद INS चेन्नई को इन्हें बचाने के लिए भेजा गया। नौसेना के मार्कोस कमांडो ने हाईजैक किए गए जहाज पर सवार 21 लोगों को बचाया। इसमें 15 भारतीय भी सवार थे। मरीन ट्रैफिक के मुताबिक, जहाज ब्राजील के पोर्टो डू एकू से बहरीन के खलीफा बिन सलमान पोर्ट जा रहा था।