सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आखिरी दिनों तक काम करते रहे मुश्ताक खान, बेटे ने सुनाई कहानी

मुंबई। दिग्गज अभिनेता मुश्ताक खान के निधन के बाद उनके बेटे मोहसिन खान ने पिता के आखिरी दिनों से जुड़ी कई बातें साझा की हैं। मोहसिन के मुताबिक, मुश्ताक खान बीमारी से जूझने के बावजूद काम करते रहे और उन्होंने आखिरी बार 4 सितंबर को मुंबई के मढ़ आइलैंड में शूटिंग की थी। 75 वर्ष की उम्र में 24 सितंबर को उनका निधन हुआ।

मोहसिन ने बताया कि उनके पिता पिछले एक साल से अधिक समय से बीमार थे और इलाज चल रहा था। शुरुआत में उपचार का असर अच्छा था, लेकिन निधन से पहले के करीब 10 दिनों में उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई। मोहसिन के अनुसार, अस्पताल में रहने के दौरान भी उनके पिता मुस्कुराते रहते थे।

उन्होंने बताया कि 4 सितंबर को मुश्ताक खान ने रजत बेदी, चंकी पांडे और राजपाल यादव के साथ एक फिल्म की शूटिंग की थी। यह फिल्म सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा के बेटे टाइगर की बतौर अभिनेता पहली फिल्म है। इसके अलावा मुश्ताक खान की एक तेलुगु फिल्म भी रिलीज के लिए तैयार है।

मोहसिन ने यह भी बताया कि उनके पिता ने उनकी हिंदी-मराठी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन मुश्ताक खान अपनी भूमिका के लिए डबिंग पूरी नहीं कर सके। अब मोहसिन इस फिल्म को अपने पिता को श्रद्धांजलि के रूप में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।

करीब पांच दशक लंबे करियर में मुश्ताक खान ने फिल्मों, धारावाहिकों और अन्य मनोरंजन परियोजनाओं में काम किया। उनके निधन के बाद फिल्म जगत की कई हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।


Hashtags: #EntertainmentBollywood #Bhopal #Desksource #करत #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #उनक #आइल