ITDC India e-Press / Agencies

26 साल से फरार हत्या का आरोपी गिरफ्तार, हथौड़े से की थी हत्या

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या के एक मामले में 26 साल से फरार चल रहे 62 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विश्वनाथ सिंह उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है। उस पर वर्ष 1998 में अपने 24 वर्षीय पड़ोसी जय प्रकाश की हथौड़े से वार कर हत्या करने का आरोप है। गिरफ्तारी 30 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शिव विहार इलाके से की गई।

पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर 1998 को गोकलपुरी इलाके में जय प्रकाश गंभीर रूप से घायल और बेहोशी की हालत में मिले थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। शुरुआत में पुलिस ने इस घटना को सड़क दुर्घटना मानते हुए लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया था। हालांकि, बाद की जांच में हत्या की आशंका सामने आई।

जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर जय प्रकाश के सिर पर हथौड़े से हमला किया था और वारदात को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की थी। पुलिस का दावा है कि आरोपी को अपनी पत्नी और जय प्रकाश के बीच कथित संबंधों का शक था। इसके बाद दुर्घटना से जुड़ी शुरुआती एफआईआर रद्द कर वर्ष 2000 में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

आरोपी को 5 दिसंबर 2001 को अदालत ने भगोड़ा घोषित कर दिया था। इसके बाद से वह लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। पुलिस के अनुसार, वह दिल्ली, फरीदाबाद, लोनी और उत्तर प्रदेश के इटावा में अलग-अलग जगहों पर रहकर मावा के थोक कारोबार से जुड़ा रहा।

क्राइम ब्रांच ने उसके पैतृक गांव और दिल्ली में रह रहे परिजनों के माध्यम से सुराग जुटाए। निगरानी के दौरान पुलिस ने उसकी पहचान की और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया। अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #साल #फरार #हत्या #आरोपी #गिरफ्तार #हथौड़े #सीएनएन #26सालसेफरार