आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मलेशिया में 1 दिसंबर से भारत और चीन के नागरिकों को वीजा-फ्री एंट्री मिलेगी। इस बात की जानकारी रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने दी है। चीनी और भारतीय नागरिक 30 दिनों तक मलेशिया में वीजा-फ्री रह सकते हैं।

मलेशिया इकोनॉमिक ग्रोथ को सपोर्ट देने के लिए ऐसा कर रहा है। अगर आप भारत से कुआलालंपुर जाते हैं, तो चेन्नई-कोलकाता जैसे शहरों से फ्लाइट से जाने-आने का खर्च करीब 12,000 रुपए आएगा। इससे पहले श्रीलंका-थाईलैंड भी वीजा फ्री एंट्री का ऐलान कर चुके हैं।

चीन ने भी मलेशिया के नागरिकों को दी है वीजा-फ्री एंट्री

चीन ने शुक्रवार को कहा था कि वह मलेशिया सहित छह देशों के नागरिकों को बिना वीजा के देश में एंट्री की अनुमति देगा। यह 1 दिसंबर से प्रभावी होगा और अगले साल 30 नवंबर तक चलेगा। ट्रैवलर्स 15 दिनों तक चीन में वीजा-फ्री रह सकेंगे।

भारतीयों के लिए वीजा-फ्री एंट्री शुरू कर सकता है वियतनाम

छह दिन पहले खबर आई थी कि वियतनाम भी भारत के ट्रैवलर्स के लिए वीजा फ्री एंट्री शुरू कर सकता है। अभी जर्मनी, फ्रांस, इटली, स्पेन, डेनमार्क, स्वीडन और फिनलैंड जैसे देशों के नागरिक बिना वीजा के वियतनाम में प्रवेश कर सकते हैं।

लोकल न्यूज एजेंसी वीएन एक्सप्रेस के अनुसार, वियतनाम के संस्कृति, खेल और पर्यटन मंत्री गुयेन वान हंग ने पर्यटन में सुधार लाने के लिए चीन और भारत जैसे प्रमुख बाजारों के लिए शॉर्ट टर्म वीजा वेवर देने को कहा है। टूरिज्म इंडस्ट्री को बूस्ट देने के लिए ऐसा किया जा रहा है।

दस महीनों में 1 करोड़ इंटरनेशनल ट्रैवलर पहुंचे वियतनाम

अगस्त के मध्य से वियतनाम ने सभी देशों के लोगों के लिए ई-वीजा जारी करना शुरू किया है। इस साल के पहले दस महीनों में वियतनाम में लगभग 1 करोड़ इंटरनेशनल विजिटर आए, जो 2022 की इसी अवधि की तुलना में 4.6 गुना ज्यादा हैं।

14-15 हजार रुपए में वियतनाम का राउंड ट्रिप टिकट

वियतनाम के फु क्वोक आइलैंड, न्हा ट्रांग, दा नांग, हा लॉन्ग बे और होई एन जैसे डेस्टिनेशन भारतीय पर्यटकों के बीच पॉपुलर हैं। भारत से वियतनाम के लिए वियतजेट अपनी फ्लाइट ऑपरेट करता है। 14-15 हजार रुपए में राउंड ट्रिप टिकट मिल जाता है।

10 मई 2024 तक बिना वीजा थाईलैंड जा सकते हैं भारतीय

इससे पहले अपनी इकोनॉमी को बूस्ट देने के लिए थाईलैंड ने भारत और ताइवान के नागरिकों के लिए वीजा फ्री एंट्री का ऐलान किया था। भारतीय 10 नवंबर 2023 से 10 मई 2024 तक बिना वीजा के थाईलैंड जा सकते हैं और 30 दिनों तक वहां रह सकते हैं। टूरिज्म सीजन से ठीक पहले लिए गए इस फैसले से थाईलैंड को ज्यादा पर्यटकों के आने की उम्मीद है।

थाई सरकार के प्रवक्ता चाई वाचरोन्के ने कहा कि इस स्कीम से 14 लाख अतिरिक्त पर्यटकों के आने की उम्मीद है। इससे अतिरिक्त 1.5 बिलियन डॉलर यानी करीब 12 हजार करोड़ रुपए का रेवेन्यू जनरेट होगा। वहीं प्रधानमंत्री श्रेथा थाविसिन ने कहा, ‘हम भारत और ताइवान के नागरिकों को वीजा-फ्री एंट्री देंगे क्योंकि उनके बहुत से लोग थाईलैंड की यात्रा करना पसंद करते हैं।’