सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : महाराष्ट्र के मंत्री अतुल सावे के भाई और भतीजे पर छत्रपति संभाजीनगर जिले के नायगांव खंडेवाड़ी इलाके में हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। हमले में मंत्री के भतीजे अमेय सावे गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है।

मंत्री अतुल सावे के मुताबिक, उनके भाई अजीत सावे और भतीजे अमेय अपने कंक्रीट मिक्सिंग प्लांट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ। आरोप है कि बातचीत के दौरान मामला बढ़ गया और हमलावरों ने अमेय पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। उनके सिर में गंभीर चोट लगी है। मंत्री ने दावा किया कि उनके भाई की जेब से पैसे भी निकाले गए।

वहीं, स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार विवाद खेत के रास्ते की सीमा और सड़क के इस्तेमाल को लेकर शुरू हुआ था। हमले में अमेय के सिर पर आठ टांके लगाए गए और बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए छत्रपति संभाजीनगर के निजी अस्पताल ले जाया गया। अजीत सावे का भी उपचार कराया गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई। मंत्री ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, घटना के कारण और आरोपों को लेकर पुलिस की विस्तृत जांच अभी जारी है।


Hashtags: #NationalIndia #Bhopal #Desksource #हमल #Icu #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #रपत