सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कक्षा 9 से 12 तक एआई की पढ़ाई एनसीईआरटी ने तैयार किया नया मॉड्यूल

नई दिल्ली। स्कूली शिक्षा में आधुनिक तकनीक की बढ़ती भूमिका को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए कम्प्यूटेशनल थिंकिंग (सीटी) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर एक प्रारंभिक मॉड्यूल विकसित किया है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की परिकल्पना के अनुरूप विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बिना पूर्व जानकारी के भी सीख सकेंगे विद्यार्थी इस मॉड्यूल को इस तरह तैयार किया गया है कि एआई के बारे में पहले से जानकारी नहीं रखने वाले विद्यार्थी भी इसे आसानी से समझ सकें। इसमें कम्प्यूटेशनल थिंकिंग को समस्याओं की पहचान करने, उन्हें छोटे हिस्सों में बांटने और व्यवस्थित तरीके से समाधान खोजने की प्रक्रिया के रूप में समझाया जाएगा।

गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति के तहत चर्चा, व्यावहारिक अभ्यास, प्रयोग और आत्मचिंतन को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि इन गतिविधियों को डिजिटल उपकरणों के साथ-साथ उनके बिना भी कराया जा सकता है। इससे अलग-अलग संसाधनों वाले स्कूलों के विद्यार्थियों को सीखने का अवसर मिलेगा। एआई के जिम्मेदार इस्तेमाल पर विशेष ध्यान मॉड्यूल में विद्यार्थियों को यह समझने में मदद मिलेगी कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता कैसे काम करती है, इसका उपयोग कहां किया जाता है और इसकी संभावनाएं तथा सीमाएं क्या हैं। इसके साथ ही डेटा की गोपनीयता, भ्रामक सूचनाओं की पहचान, निष्पक्षता और डिजिटल सुरक्षा जैसे विषयों को भी शामिल किया गया है। एआई से तैयार जानकारी को बिना जांचे स्वीकार करने के बजाय उसकी सटीकता और विश्वसनीयता परखने के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसमें मानवीय विवेक, रचनात्मकता और नैतिक जिम्मेदारी के महत्व को भी रेखांकित किया गया है।

भविष्य की शिक्षा के लिए तैयारी शिक्षा में एआई और कम्प्यूटेशनल थिंकिंग को शामिल करने का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, नवाचार और तकनीकी समझ विकसित करना है। इससे वे उभरती तकनीकों का उपयोग अधिक जागरूकता और जिम्मेदारी के साथ कर सकेंगे। एनसीईआरटी का यह मॉड्यूल विद्यार्थियों को केवल तकनीक का उपयोग करना ही नहीं, बल्कि उसके प्रभावों को समझना और उससे जुड़ी चुनौतियों का विवेकपूर्ण ढंग से सामना करना भी सिखाने पर केंद्रित है।


Hashtags: #Education #Bhopal #कक्षा #एआई #पढ़ाई #एनसीईआरटी #तैयार #किया #नया #कक्षा9से12