आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल-हमास जंग धीरे-धीरे दूसरे इलाकों में भी फैलती जा रही है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक रविवार को यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में 3 जहाजों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। इनमें से 2 इजराइल के जहाज बताए जा रहे हैं। इनका नाम यूनिटी एक्सपलोरेर और नंबर नाइन है। इसके अलावा यमन के होदायदा पोर्ट से 101 किलोमीटर दूर एक शिप कंटेनर को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी है।
वहीं, अमेरिका ने कहा है कि उन्होंने लाल सागर में अपने युद्धपोत पर अटैक करने जा रहे 3 ड्रोन्स को मार गिराया। एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा है कि हूती विद्रोहियों की तरफ से किए गए हमले लगभग 5 घंटे तक जारी रहे। ये सुबह 10 बजे शुरू हुए थे। पिछले महीने हूती विद्रोहियों ने एक जहाज को हाइजैक कर लिया था, ये तुर्किये से भारत आ रहा था। हूतियों का कहना है कि वो इजराइली जहाजों पर हमले जारी रखेंगे।
जंग शुरू होने से अब तक इजराइल ने गाजा में 10 हजार हवाई हमले किए हैं। ये जानकारी इजराइली की डिफेंस फोर्सेस ने दी है। वहीं हमास ने कहा है कि गाजा में मरने वालों का आंकड़ा 15,500 पार कर चुका है। वहीं, IDF ने कहा है कि उसने हमास के एक बटालियन कमांडर हाथम खोआजारी को ढेर कर दिया है। उसने 7 अक्टूबर को इजराइल पर हमला करने वाली एक बटालियन को लीड किया था।
दक्षिण गाजा में भी इजराइली टैंक
उत्तरी गाजा में ग्राउंड ऑपरेशन चलाने के बाद अब इजराइली सेना दक्षिण की ओर बढ़ रही है। इसके लिए लोगों को कई इलाके खाली करने को कहा गया है। पिछले 24 घंटों में इजराइली बमबारी में गाजा के 316 लोग मारे गए हैं। जबकि 600 से ज्यादा घायल हैं। इजराइल की घरेलू खुफिया एजेंसी रोनेन बार ने वादा किया है कि वो लेबनान, तुर्किये से लेकर कतर में हमास को ढूंढ़कर मारेगी। चाहे इसमें कितने ही साल लगें।
इजराइली डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने नया प्लान बनाया है और इस पर अमल भी शुरू कर दिया है। ‘फॉक्स न्यूज’ के मुताबिक- IDF गाजा को कई हिस्सों में बांट रही है। इसके तहत वो हमास आतंकियों को अलग-थलग करने उन पर आखिरी हमला करना चाहती है।
इस बीच, लेबनान की तरफ से इजराइली शहरों पर हमले बढ़ गए हैं। अब वहां से एंटी टैंक मिसाइलें दागी जा रही हैं। इनमें कुछ इजराइली सैनिक घायल भी हुए हैं।
गाजा में ब्लॉकेड लगा रही IDF
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक- IDF ने हमास के पूरे खात्मे का प्लान बनाया है। इसके कई चरण हैं। पहले फेज के तहत गाजा को कई हिस्सों में बांटा जा रहा है। इन्हें ब्लॉकेड स्ट्रैटेजी कहा गया है। इसका मकसद यह है कि हमास के आतंकी कई जगहों पर अलग-अलग टुकड़ों में बंट जाएं ताकि उन्हें खोजने में मुश्किल न हो।
IDF का ज्यादा फोकस साउथ गाजा पर है। यही वजह है कि यहां ग्राउंड ऑपरेशन के ठीक पहले एयर स्ट्राइक की जा रही हैं। इनमें चुनिंदा ठिकानों को निशाना बनाया जाता है और अगर आतंकी बचते हैं तो उसके फौरन बाद ग्राउंड फोर्सेस एक्शन में आ जाती हैं।
लेबनान से खतरा बढ़ा
इजराइल पर लेबनान के आतंकी संगठन हिजबुल्लाह ने हमले तेज कर दिए। रविवार को लेबनान से इजराइल पर एंटी टैंक मिसाइलें दागी गईं। इसमें कुछ इजराइली सैनिक घायल हुए और उनके टैंक्स को भी काफी नुकसान पहुंचा।
‘टाइम्स ऑफ इजराइल’ के मुताबिक- मिसाइल हमले के बाद कुछ मोर्टार भी इजराइल की तरफ दागे गए। ज्यादातर हमलों की जद में इजराइली शहर बेत हिलेल रहा। बाद में हिजबुल्लाह की तरफ से जारी बयान में इन हमलों की जिम्मेदारी भी ली गई। IDF ने भी एक बयान जारी किया और कहा- लेबनान से जो हमले किए गए हैं, उसने निपटने की तैयारी की जा चुकी है। जल्द ही इसके नतीजे सामने आएंगे।