सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / मुरैना : रानी लक्ष्मी बाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी के अंतर्गत मुरैना जिले की पोरसा तहसील के ग्राम रतन बसई में स्थापित होने वाले हार्टिकल्चर कालेज का शिलान्यास केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। 160 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस कालेज में स्नातक की शिक्षा देने के साथ ही कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को खेती संबंधी प्रशिक्षण देते हुए उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। 300 एकड़ में जब कालेज बनकर तैयार होगा, तब इस क्षेत्र का विस्तार-विकास अलग ही दिखेगा। इस कालेज से चंबल-ग्वालियर क्षेत्र सहित म.प्र. के साथ ही राजस्थान व उ.प्र. के कई जिले भी लाभान्वित होंगे। शोध कार्यों के लिए भी कालेज के माध्यम से किसानों व क्षेत्र को लाभ होगा।

समारोह में केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि यह कालेज क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था में परिवर्तन लाने के साथ ही किसानों के लिए कल्याणकारी होगा। इससे युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, वहीं ये किसानों की आमदनी बढ़ाने में भी सहायक होगा। खेती-किसानी में नई फसलें और टेक्नालाजी आने के साथ मुनाफा बढ़ेगा, जिससे युवा पीढ़ी खेती की ओर अधिक आकर्षित होगी। तोमर ने कहा कि कृषि क्षेत्र में पिछले 9-10 सालों में बहुत सुखद परिवर्तन आया है। इसमें किसानों की मेहनत तो है ही, हमारे कृषि वैज्ञानिकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वैज्ञानिकों द्वारा विकसित किए गए नए-नए बीजों के कारण खेती फल-फूल रही है। तोमर ने कहा किइस क्षेत्र में बाजरा की खेती बहुतायत में होती है। सामान्यतः बाजरे का आटा 15-20 दिन में खराब हो जाता है, लेकिन प्रसन्नता की बात है कि हमारे कृषि वैज्ञानिकों ने बाजरे का नया बीज तैयार किया है, जिससे बाजरे का आटा 6 माह भी अच्छी स्थिति में रहेगा। ये बीज किसानों के लिए काफी लाभकारी होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, अन्न को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2023 अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।गत दिनों जी20 सम्मेलन में विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने भी अन्न के व्यंजनों का स्वाद लिया, वहीं उनके जीवनसाथी पूसा कैंपस गए, जहां उन्होंने अन्न के व्यंजनों का लुत्फ उठाया व इसकी खेती के बारे में जानकारी ली। तोमर ने कहा कि देश में काफी संख्या में छोटे किसान हैं, जो कम पानी में भी अन्न उगा सकते है। इनकी आमदनी बढ़ाने के लिए शुष्क क्षेत्रों में अन्न की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही सब्जी, फल-फूलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा हैं, ताकि किसानों का मुनाफा बढ़ाया जा सकें। इस दिशा में हमारे प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में लगातार काम हो रहा हैं। इसी तरह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी म.प्र. को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।