आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कराची के राशिद मिन्हास रोड पर आरजे मॉल में आग लगने से 11 लोगों की मौत हो गई और 1 व्यक्ति घायल हुआ है। मॉल की बिल्डिंग में कई लोग फंसे हुए हैं। जियो न्यूज के मुताबिक, घटना शुक्रवार सुबह की है। फायर ब्रिगेड ने करीब 50 लोगों को रेस्क्यू कर लिया है। फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हुई है।
हैदराबाद के कारोबारियों घर IT की रेड, तेलंगाना चुनाव के लिए बड़ी मात्रा में पैसा मुहैया कराने का शक
हैदराबाद के पुराने शहर के बड़े कारोबारियों के घर पर इनकम टैक्स ने रेड डाली है। किंग्स पैलेस और कोहिनूर ग्रुप के मालिकों के घर पर इनकम टैक्स टीम तलाशी ले रही है। IT विभाग को शक है कि तेलंगाना चुनाव के लिए एक राजनीतिक दल को बड़ी मात्रा में पैसा मुहैया कराया जा रहा है।
बंगाल के पश्चिम बर्धमान में रेलवे स्टेशन पर आग लगी, किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं
पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान में कुल्टी रेलवे स्टेशन पर आग लग गई। फायर ब्रिगेड मौके पर मौजूद है और आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
दिल्ली में दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत, एक घायल
दिल्ली के जैतपुर इलाके में एक घर की दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। हादसा शुक्रवार शाम साढ़े छह बजे हुआ। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मरने वाले बच्चों में एक की उम्र आठ साल है वहीं दूसरे की पांच साल बताई जा रही है।