सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: विदेश मंत्री एय जयशंकर ने कहा है कि देश के साथ विदेश में भी मोदी की गारंटी चलती है। लोगों को उन पर विश्वास है। देश में गौरव की भावना पहले से ज्यादा है और भरोसा भी बढ़ा है।
जयशंकर ने न्यूज 18 राइजिंग भारत समिट में कहा- जब मैं बाहर (विदेश) जाता हूं और विदेशी नीतियां समझाता हूं, तो पता चलता है कि PM मोदी विदेश में भी उतना ही काम करने की गारंटी देते हैं जितना भारत में। मोदी की गारंटी विदेशों में भी उतनी चलती है जितनी की भारत में चलती है।
मोदी की गारंटी राजनीतिक दबाव के आगे झुकती नहीं
उन्होंने कहा- मोदी की गारंटी की वजह से ही ‘ऑपरेशन गंगा’, ‘ऑपरेशन कावेरी’ और ‘ऑपरेशन अजय’ सफल हो पाए। ‘वैक्सीन मैत्री’ के जरिए हमने दुनिया भर के 100 देशों को वैक्सीन दी। मोदी की गारंटी में राजनीतिक दबाव के आगे न झुककर पेट्रोल की कीमतें उचित बनाए रखना भी शामिल है। लोगों को अब भरोसा है कि पानी, बिजली और स्वास्थ्य सेवा जैसी बुनियादी जरूरतें मुहैया कराई जाएंगी।
विदेश नीति में बदलाव आए
जयशंकर ने कहा- मोदी की गारंटी की वजह से पिछले 75 सालों से चल रही विदेश नीति में कई तरह के बदलाव आए हैं। हमारा लक्ष्य आतंकवाद को इस तरह से रोकना है कि यह दोबारा न हो। हालांकि यूक्रेन के संदर्भ में पश्चिमी देशों के हमारे साथ मतभेद हो सकते हैं। लेकिन हमारी विदेश नीति का मुख्य उद्देश्य भारत के हितों की रक्षा करना है और यह जरूरी नहीं कि हम अन्य देशों के साथ सहमत हों और उनके हितों की रक्षा करें।
पाकिस्तान के साथ रिश्तों पर भी चर्चा
जयशंकर ने भारत और पाकिस्तान के रिश्तों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा- आज पाकिस्तान के साथ हमारे रिश्ते बहुत ही औपचारिक स्तर पर हैं। बातचीत बहुत ही कम है। ऐसा 2 कारणों से हुआ। पहला- हमने आतंकवाद को रिश्ते के केंद्र में रखा है और दूसरा- पाकिस्तान ने आर्टिकल 370 को।
CAA का जिक्र किया
नागरिकता संशोधन कानून (CAA) पर जयशंकर ने कहा- यह एक ऐतिहासिक स्थिति को सही करने का मुद्दा है। विभाजन से प्रभावित लोगों के प्रति न्यायपूर्ण और निष्पक्ष रहना जरूरी है। उनके पास कोई देश नहीं था। इसमें उनकी कोई गलती नहीं थी।