आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: जापान में मंगलवार को फिर भूकंप के झटके आए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6 आंकी गई। अभी तक सुनामी की कोई चेतावनी नहीं दी गई है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने कहा कि भूकंप जापान सागर के तट पर आया। इससे देश का वही हिस्सा हिल गया जहां 1 जनवरी को शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी।

दिल्ली में अमित जोगी ने की गृहमंत्री शाह से मुलाकात, JCCJ का हो सकता है BJP में विलय

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़-जे (JCCJ) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। उनके मुलाकात के बाद अब जोगी कांग्रेस के विलय की चर्चा भी तेज हो गई है। कहा जा रहा है कि पार्टी कार्यकर्ता अपने भविष्य के कारण विलय चाहते हैं।

देहरादून के झाझरा इलाके में क्लोरीन गैस रिसाव, लोगों में दहशत

देहरादून के झाझरा इलाके में मंगलवार सुबह क्लोरीन गैस रिसाव से दहशत फैल गई इससे लोगों को अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। पुलिस ने कहा कि एक खाली भूखंड में रखे सिलेंडर से गैस लीक हो गई। घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद NDRF और फायर ब्रिगेड कर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया। आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। NDRF के एक अधिकारी ने बताया कि लीक हो रहे सिलेंडर को पानी से भरकर जमीन में गाड़ दिया गया। क्लोरीन पानी में रहने से फैल नहीं सकेगी। लोगों को गैस सिलेंडर के खाली होने तक एहतियातन मास्क पहनने को कहा गया।

कर्नाटक में मंकी वायरस से लड़की की मौत, 19 साल उम्र थी

कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले की रहने वाली 19 साल की लड़की की मंकी वायरस से मौत हो गई। इस बीमारी को क्यासानूर फॉरेस्ट डिजीज भी कहा जाता है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, लड़की को तेज बुखार की शिकायत थी। 4 जनवरी को उसका KFD टेस्ट किया गया था। टेस्ट में पॉजिटिव आने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया था। यहां इलाज के लिए उसकी मौत हो गई। विभाग का कहना है कि मंकी वायरस से यह राज्य में साल की पहली मौत है।

सुप्रसिद्ध शास्त्रीय संगीत गायक राशिद खान की हालत गंभीर, प्रोस्टेट कैंसर से जूझ रहे हैं

सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक राशिद खान की तबीयत काफी बिगड़ गई है। उनका कोलकाता के एक हॉस्पिटल में इलाज चल रह है। मैनेजमेंट के मुताबिक उन्हें आईसीयू में वेंटिलेशन पर रखा गया है। साथ ही ऑक्सीजन सपोर्ट पर भी हैं। प्रोस्टेट कैंसर से जूझ रहे राशिद खान को पिछले महीने सेरेब्रल अटैक आया था। इसके बाद से ही राशिद खान का इलाज जारी है। गायक राशिद खान के संगीत उस्ताद इनायत हुसैन खान के पड़पोते हैं। उन्हें साल 2006 में पद्मश्री और 2022 में पद्म भूषण से नवाजा जा चुका है।

कोरोना के नए वैरिएंट JN.1 के कुल मामलों की संख्या 819 पहुंची, सिर्फ महाराष्ट्र-कर्नाटक में आधे से ज्यादा मामले

कोरोना का नया वैरिएंट JN.1 का असर बढ़ते ही जा रहा है। देश के 12 राज्यों में अब इस वैरिएंट से संक्रमित मरीज हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक मंगलवार तक 819 JN.1 वैरिएंट के केस रिपोर्ट किए गए हैं। इनमें से आधे से ज्यादा मामले महाराष्ट्र (250) और कर्नाटक (199) में ही हैं।

वहीं, केरल में 148, गोवा में 49, गुजरात में 36, आंध्र प्रदेश-राजस्थान में 30-30, तमिलनाडु-तेलंगाना में 26-26, दिल्ली में 21, ओडिशा में 3 और हरियाणा में एक केस मिला है।

हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, JN.1 वैरिएंट के कारण मरीजों की संख्या तो बढ़ रही है, लेकिन हॉस्पीटलाइजेशन रेट में बढ़ोतरी नहीं हो रही है। इसका मतलब संक्रमित मरीज घर पर रहकर ही रिकवर हो रहे हैं।