सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल संभाग के सभी जिलों में जल गंगा संवर्धन अभियान–2026 का शुभारंभ हो चुका है । इस अभियान के तहत ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में जल संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, साथ ही जल संरचनाओं की साफ-सफाई, मरम्मत और जीर्णोद्धार कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है भोपाल जिले में केरवा डैम पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। बैरसिया के ग्राम तरावली कलां में जल शक्ति से नवभक्ति कार्यक्रम के तहत वृक्ष पूजन और जल संरक्षण की कार्ययोजना तैयार की गई। नगर निगम द्वारा शहर की 22 ऐतिहासिक बावड़ियों के पुनर्जीवन और कोलांस नदी के संरक्षण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। रायसेन जिले में जनभागीदारी के माध्यम से जल संग्रहण संरचनाओं का निर्माण, मरम्मत और भूजल संवर्धन के कार्य किए जा रहे हैं। जिले में 3909 निजी भवनों पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग, 2800 हैंडपंप के पास रिचार्ज पिट और 950 शासकीय भवनों पर जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। कुल मिलाकर 10 हजार से अधिक कार्यों के माध्यम से जल संरक्षण को मजबूत किया जा रहा है। विदिशा जिले में बहु-विभागीय समन्वय के साथ जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया गया है। पंचायत, नगरीय प्रशासन, वन और जल संसाधन विभाग मिलकर तालाब, नहर, चेकडैम और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसे कार्य कर रहे हैं। बेतवा नदी के पुनर्जीवन की दिशा में भी विशेष योजना बनाई जा रही है। राजगढ़ और सीहोर जिलों में भी कलेक्टरों और जनप्रतिनिधियों द्वारा श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। कुओं, तालाबों और नदियों की सफाई, गहरीकरण और नए जल ढांचे विकसित किए जा रहे हैं। यह अभियान जनभागीदारी और समन्वित प्रयासों के माध्यम से जल संकट के समाधान, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में उभर रहा है।
#जलसंरक्षण #जलअभियान #भोपाल #पर्यावरण #वर्षाजल