सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: 7 अक्टूबर 2023 को शुरू हुई इजराइल-हमास जंग जारी है। राफा को छोड़कर पूरे गाजा पर इजराइल का कब्जा है। इस बीच फिलिस्तीनी महिलाओं की अंडरवियर के साथ इजराइली सैनिकों की कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं। इससे जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इस पर इजराइल का कहना है कि वह मामले की जांच कर रहा है और सैनिकों के खिलाफ एक्शन लिया जा रहा है।
एक वीडियो में, एक इजराइली सैनिक गाजा में मौजूद एक घर में कुर्सी पर बैठा मुस्कुराता दिख रहा है। उसके एक हाथ में बंदूक और दूसरे हाथ में महिला की सफेद रंग की अंडरवियर है। वीडियो में सोफे पर लेटा एक अन्य सैनिक भी दिख रहा है। सोशल मीडिया पर कई और तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं जिनमें सैनिक महिलाओं के अंडरगार्मेंट्स हाथ में लिए दिख रहे हैं।
तस्वीर में सैनिक महिला की अंडरवियर लेकर मुस्कुराता दिख रहा है।
सैनिकों ने महिला के पुतले के साथ भी वीडियो बनाए
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, एक वीडियो ऐसा भी सामने आया है जिसमें सैनिक अर्धनग्न महिला के पुतले को पकड़कर खड़ा दिखा। इस वीडियो में वो कह रहा है, “मुझे गाजा में एक खूबसूरत पत्नी और सीरियस रिलेशनशिप मिला।”
इस मामले पर UN ह्यूमन राइट्स ऑफिस की स्पोक्सपर्सन रवीना शामदासानी ने कहा, “ऐसी तस्वीरें पोस्ट करना फिलिस्तीनी महिलाओं और अन्य महिलाओं के लिए अपमानजनक है।”
सोशल मीडिया पर अंडरगार्मेंट्स पकड़े सैनिकों की यह तस्वीर वायरल हो रही है।
इजराइल बोला- सैनिकों की हरकत गलत
इस मामले पर इजराइल सेना ने एक प्रवक्ता ने कहा, “फिलिस्तीनी महिलाओं के अंडरगार्मेंट्स के साथ इजराइली सैनिकों की तस्वीरों और वीडियो की जांच हो रही है। उनकी यह हरकत ठीक नहीं है। मिलिट्री पुलिस उनके खिलाफ एक्शन ले रही है।” हालांकि, प्रवक्ता ने यह नहीं बताया की सैनिकों के खिलाफ क्या एक्शन लिया जा रहा है।
सैनिक महिलाओं के अंगवस्त्र के साथ मजाक करते हुए।
महिला के पुतले को गलत तरह से छूता दिखा सैनिक
एक तस्वीर में इजराइली सैनिक ने महिला के पुतले पर गलत तरह से हाथ रखा है। इस पुतले पर कोई भी कपड़ा नहीं था। एक फोटो में अन्य सैनिक अर्धनग्न पुतले को कंधों पर उठाकर मुस्कुराता दिखा।
वहीं एक दूसरी तस्वीर में सैनिक बिस्तर के सामने खड़े होकर थम्ब्स-अप का इशारा करते हुए दिखा। बेड पर महिलाओं के अंडरवेयर के पैकेट्स पड़े हुए थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से इस मामले से जुड़े वीडियो हटा दिए गए हैं।
फिलिस्तीनी के शव को बुलडोजर से रौंदा
जंग शुरू होने के बाद से इजराइल पर फिलिस्तीनियों से क्रूरता करने के आरोप लगे हैं। कतर के मीडिया हाउस अल जजीरा ने वीडियो जारी किया है। इसमें इजराइली सैनिक दो निहत्थे फिलिस्तीनी पुरुषों को गोली मारते दिख रहे हैं। इसके बाद एक बुलडोजर उनके शवों को रेत में दबाता और रौंदता दिख रहा है। दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक जिन दो लोगों को गोली मारी गई उनके हाथ में सफेंद रंग का कपड़ा था। इजराइली सेना के नियमों के मुताबिक जो लोग सफेद रंग का कपड़ा दिखाते हैं सैनिक उन पर गोली नहीं चला सकते हैं। अगर सैनिक ऐसा करते हैं तो ये नियमों के खिलाफ होता है।