आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एलन मस्क और इजरायली कम्युनिकेशन मिनिस्ट्री के बीच स्टारलिंक ऑपरेशन्स के लिए एक एग्रीमेंट हुआ है। इस एग्रीमेंट के तहत एलन मस्क स्टारलिंक के जरिए इजरायल और गाजा पट्टी में इंटरनेट प्रोवाइड करेंगे। इजराइल के कम्युनिकेशन मिनिस्टर श्लोमो करही ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर इसके बारे में जानकारी दी।

उन्होंने लिखा,’मेरी लीडरशिप में कम्युनिकेशन मिनिट्री के साथ प्रिंसिपल अंडरस्टैंडिंग तक पहुंचने के लिए बधाई देता हूं। इस एग्रीमेंट के तहत स्टारलिंक सैटेलाइट यूनिट को इजराइल और गाजा पट्टी में ऑपरेट किया जा सकेगा। हमास और ISIS से जंग के बीच यह एग्रीमेंट उन सभी के लिए जरूरी है जो बेहतर दुनिया चाहते हैं। मैं इजराइल में आपका स्वागत करता हूं।

राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग से मिलेंगे एलन मस्क

एलन मस्क आज इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग और गाजा में बंधक बनाए गए लोगों के परिवार से भी मिलेंगे। रविवार को राष्ट्रपति ऑफिस ने बयान जारी करते हुए कहा, ‘राष्ट्रपति हर्ज़ोग एलन मस्क से मीटिंग के दौरान ऑनलाइन बढ़ती यहूदी विरोधी भावना से निपटने के लिए कार्रवाई करने की आवश्यकता पर जोर देंगे।’

इसके साथ ही इजराइल के चैनल 12 ने बताया है कि मस्क PM बेंजामिन नेतन्याहू से भी मुलाकात करेंगे। हालांकि, नेतन्याहू के ऑफिस की ओर से अभी तक इसके बारे में कोई भी ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई है। इससे पहले इसी साल 18 सितंबर को मस्क और नेतन्याहू कैलिफोर्निया में टेस्ला की फैक्ट्री में मिले थे, जहां दोनों ने सोशल मीडिया पर यहूदी विरोधी भावना सहित कई अन्य मुद्दों पर चर्चा की थी।

X का ऐडवरटाइजिंग व सब्सक्रिप्शन रेवेन्यू दान करेंगे मस्क

इससे पहले बुधवार 22 नवंबर को मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X का ऐडवरटाइजिंग व सब्सक्रिप्शन रेवेन्यू इजरायल और गाजा के अस्पतालों को दान करने का ऐलान किया था। हालांकि, उन्होंने गाजा और इजरायली हास्पिटलों को दान की जाने वाली रकम का खुलासा नहीं किया है।

यहूदी समुदाय के खिलाफ पोस्ट का सपोर्ट कर चुके हैं मस्क

हाल ही में एलन मस्क ने यहूदी समुदायों पर गोरों के खिलाफ नफरत के आरोप वाली पोस्ट का समर्थन किया था। इसके बाद एपल और डिज्नी जैसी कंपनियों ने मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एडवर्टाइजिंग बंद कर दी थी और अन्य कंपनियों से भी यही आह्वान किया था।

जानिए यहूदी समुदाय के खिलाफ पोस्ट सपोर्ट करने का क्या है पूरा मामला…

चार्ल्स वेबर नाम के एक यूजर ने एक वीडियो शेयर करते हुए X पर लिखा, ‘इंटरनेट की गुमनामी के पीछे छिपने वाले और ‘हिटलर सही था’ पोस्ट करने वाले कायरों के लिए: क्या आप कुछ कहना चाहते हैं? आप इसे हमारे सामने क्यों नहीं कहते…’ चार्ल्स ने जो वीडियो शेयर किया था उसमें एक पिता अपने बेटे को यहूदी कम्युनिटी के खिलाफ ऑनलाइन नफरत फैलाने के लिए डांटते हुए दिखाई दे रहा है। इसी पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘यहूदी समुदाय गोरों के खिलाफ ठीक उसी तरह की नफरत को बढ़ावा दे रहे हैं, जिसको वह चाहते हैं कि लोग उनके खिलाफ इस्तेमाल करना बंद कर दें। अब मुझे पश्चिमी यहूदी पॉपुलेशन के अशांति फैलाने के बारे में थोड़ी सी भी बकवास बताने में कोई दिलचस्पी नहीं है…’ इसी का समर्थन करते हुए मस्क ने लिखा, ‘आपने वास्तविक सत्य कहा है।’

7 अक्टूबर को इजराइल और हमास बीच शुरू हुई थी जंग

7 अक्टूबर को सुबह 6:30 बजे इजराइल के बॉर्डर इलाके किबुत्ज रीम में नोवा म्यूजिक फेस्ट के दौरान हमास ने हमला किया, जिसके बाद दोपहर इजराइली प्रधानमंत्री ने हमास के खिलाफ जंग का ऐलान किया। इजराइल ने गाजा में बमबारी शुरू कर दी।

बम अस्पतालों, स्कूलों, रिहायशी इलाकों में गिरे। जंग के पहले हफ्ते में गाजा के 1,700 लोग मारे गए थे। तीन दिन पहले इजराइल-हमास के बीच सीजफायर डील हुई है, जिसके तहत इजराइल फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा कर रहा है। वहीं, हमास इजराइली बंधकों को छोड़ रहा है।