आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल ने दावा किया है कि हमास ने गाजा में कंट्रोल खो दिया है। रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने कहा कि आतंकवादी साउथ गाजा की ओर भाग रहे हैं। इस बीच, गाजा के ज्यादातर हॉस्पिटल्स और क्लीनिक में हालात बदतर होते जा रहे हैं।
वर्ल्ड हेल्थ आर्गनाइजेशन (WHO) ने बताया कि 7 अक्टूबर से अब तक 36 हेल्थ फेसिलिटीज, जिसमें 22 हॉस्पिटल शामिल हैं, को जंग में भारी नुकसान पहुंचा है। बड़े हॉस्पिटल अल शिफा, अल-नासेर हॉस्पिटल, रनतीसी हॉस्पिटल, अल-कुद्स हॉस्पिटल, अल-अहली हॉस्पिटल में पावर सप्लाई नहीं होने से मरीजों के इलाज में दिक्कत हो रही है।
इजराइली सेना इन हॉस्पिटल के नीचे बने हमास के कमांड सेंटर्स को निशाना बना रही। सेना का दावा है कि हमास ने बच्चों के रनतीसी अस्पताल के नीचे अपने कमांड सेंटर में ही इजराइली बंधकों को कैद कर रखा था।
सेना ने जब इस हॉस्पिटल पर कब्जा कर सर्च ऑपरेशन चलाया तो यहां की सुरंग में एक कुर्सी, रस्सी, हथियार, मोटरसाइकिल, गार्ड्स के लिए ड्यूटी चार्ट जैसे कई सामान बरामद हुए। इसके अलावा यहां मेकशिफ्ट टॉयलेट, किचन और वेंटिलेशन पाइप भी मौजूद थे।
मैप के जरिए गाजा में इजराइल के जमीनी ऑपरेशन को समझें…
इजराइली सेना ने अस्पताल खाली करने को कहा, डॉक्टरों का इनकार
इजराइली सेना ने इन अस्पतालों को खाली करने की अपील की है। हालांकि, अल-शिफा अस्पताल के डॉक्टरों ने इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि अगर वे इस जगह को छोड़ देंगे तो लगभग 700 मरीज मर जाएंगे। दरअसल, इजराइली रक्षा बल ने अस्पताल को खाली करने के लिए कहा था।
दूसरी तरफ, हमास ने कतर के अधिकारियों से कहा है कि 5 दिन के सीजफायर के बदले वो 70 बंधकों को छोड़ने के लिए तैयार है। बता दें कि इजराइल-हमास जंग का आज 39वां दिन है। युद्ध में अब तक करीब 11 हजार 200 फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है, जबकि इजराइल में करीब 1200 लोगों ने जान गंवाई।
बाइडेन बोले- अस्पताल की सुरक्षा जरूरी
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अस्पताल पर हमले को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा- मुझे उम्मीद है कि अस्पतालों पर हमले से बचा जाएगा। उनकी सुरक्षा जरूरी है। हम इसको लेकर इजराइलियों के संपर्क में हैं।
वहीं, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को जंग में शामिल सेना के जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। PM ने कहा कि यह कोई ऑपरेशन नहीं है, बल्कि अंत तक युद्ध है। नेतन्याहू ने कहा, अगर हम इन्हें खत्म नहीं करेंगे तो ये वापस आ जाएंगे।
इजराइली सेना पर हॉस्पिटल से हमला
इजराइली सेना ने सोमवार रात दावा किया कि गाजा के अल-कुद्स अस्पताल से उसके सैनिकों पर हमला किया गया। फायरिंग के अलावा ग्रेनेड भी फेंके गए। जवाबी कार्रवाई में हमास के 21 आतंकी मार गिराए गए।
दूसरी तरफ, हमास के टनल नेटवर्क को तबाह करने में जुटे इजराइली सैनिकों को गाजा के एक घर में ऐसी सुरंग मिली, जिसको छिपाने के लिए तीन बिस्तर लगे थे, जो बच्चों के सोने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं।
गाजा में अजीब सुरंग मिली
गाजा सिटी में पिछले दिनों एक अजीब सुरंग मिली है। ‘टाइम्स ऑफ इजराइल’ की रिपोर्टिंग टीम ने IDF के साथ इसकी खोज की। IDF ने अब तक गाजा में 91 टनल्स खोजी हैं और फिर इन्हें विस्फोटक से तबाह कर दिया।
उत्तरी गाजा में इजराइली फौज सुरंगों की खोज कर रही थी। इस दौरान एक सुरंग मिली। इजराइल के कॉम्बैट इंजीनियरिंग कॉर्प्स को एक मकान खास लगा था। इस घर में एक बेडरूम मिला। यहां तीन बिस्तर थे और साफ नजर आ रहा था कि इनका इस्तेमाल बच्चों के लिए किया जाता होगा।
इन बेड्स को हटाकर देखा गया तो नीचे लोहे के शाफ्ट मिले। इसके साथ ही सुरंग थी। एक इजराइली अफसर ने कहा- ये हकीकत है, हमास की। इसके दो छोर हैं। एक गाजा सिटी के हिस्से में तो दूसरा समुद्री रास्ते की तरफ जाता है।