आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पंजाब के राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रयासों से इराक से 2 लड़कियां पंजाब लौट आई हैं। लड़कियों ने अपनी कहानी सुनाते हुए कहा कि उन्हें इराक में ट्रैवल एजेंटों ने बेच दिया था। इराक से लौटीं दोनों लड़कियों के साथ मलेशिया से एक लड़का भी लौटा है, जो वहां की जेल में फंस गया था। इराक से आईं इन पीड़ित लड़कियों ने संत बलबीर सिंह सीचेवाल का शुक्रिया अदा किया। जिनके प्रयासों से वह अपने घर लौट सकीं है।

वहीं संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग की है कि पंजाब में ट्रैवल एजेंटों का एक बड़ा गिरोह सक्रिय है, जिस पर नियंत्रण करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ट्रैवल एजेंट गरीब और भोले-भाले लोगों को धोखा देकर उनकी जवान लड़कियों को खाड़ी देशों में ले जाकर बेच रहे हैं।

वहां जाकर पता चला कि हमें बेच दिया

इराक से लौटी दोनों लड़कियों ने बताया कि वह 10 जुलाई को इराक गई थीं और उन्हें फगवाड़ा की रहने वाली मंदीप कौर नाम की ट्रैवल एजेंट ने 80 प्रतिभागियों के साथ दुबई भेजा था। 8 दिनों तक हवाई अड्डे पर रहने के बाद वहां से वापस भेज दिया गया था।

पीड़ित लड़कियों ने बताया कि उन्हें वहां जाकर पता चला कि उन्हें बेच दिया गया है। उनसे देर रात तक काम करवाया जाता था और काम न करने पर उनकी पिटाई की जाती थी। उनकी बात न मानने वाली लड़कियों के कपड़े उतारकर उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया जाता था।

रेस्तरां में नौकरी का झांसा दिया

पीड़ित लड़कियों ने यह भी बताया कि ट्रैवल एजेंट ने उन्हें इराक भेजते समय कहा था कि उन्हें एक रेस्तरां में नौकरी पर लगाया जाएगा और 50 मासिक वेतन देने का वादा किया गया था। संत सीचेवाल ने पंजाब के CM भगवंत सिंह मान और DGP गौरव यादव से अपील की कि वह उक्त ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें ताकि भोले-भाले लोगों को धोखाधड़ी से बचाया जा सके।