आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में इंटरनेशनल टेनिस खिलाड़ी और फिल्म कलाकार विजय वर्मा पर रेप का मुकदमा दर्ज हुआ है। यह मुकदमा इंस्टीट्यूट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने दर्ज कराया है।

महिला ने आरोप लगाया है कि 2016 से विजय उससे लगातार रेप कर रहा है। उसने उसकी एक वीडियो बना रखी है। जिससे ब्लैकमेल करता आ रहा है। थाना फतेहपुर में 3 दिसंबर को राष्ट्रीय अनुसूचित और जनजाति आयोग के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। आज की अन्य प्रमुख खबरें…

विधानसभा चुनाव जीतने वाले भाजपा के 11 सांसदों का इस्तीफा; इनमें 5 MP, 3 राजस्थान और 3 छत्तीसगढ़ के

पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव जीतने वाले 11 भाजपा सांसदों ने बुधवार को संसद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। मंगलवार देर रात जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक के बाद यह फैसला हुआ।

जिन सांसदों ने इस्तीफा दिया है, उनमें मध्य प्रदेश से नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल, राकेश सिंह, उदय प्रताप और रीति पाठक हैं। वहीं छत्तीसगढ़ से अरुण साव, रेणुका सिंह और गोमती साई जबकि राजस्थान से राज्यवर्धन सिंह राठौड़, दीया कुमारी और किरोड़ी लाल मीना शामिल हैं।

तेलंगाना CM रेवंत रेड्‌डी के शपथ ग्रहण समारोह में जा सकती हैं सोनिया गांधी

कांग्रेस आलाकमान सोनिया गांधी गुरुवार 7 नवंबर को तेलंगाना में नए सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकती हैं। बुधवार को संसद की कार्यवाही में शामिल होने पहुंचीं सोनिया से पत्रकारों ने पूछा कि क्या वे तेलंगाना में शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगी तो उन्होंने कहा- शायद हां। कांग्रेस ने सीएम पद के लिए रेवंत रेड्‌डी का नाम तय किया है।

गृह मंत्रालय ने अवैध इन्वेस्टमेंट, पार्ट-टाइम जॉब फ्रॉड करने वाली 100 वेबसाइट को ब्लॉक किया

गृह मंत्रालय के 14C डिविजन ने 100 से भी ज्यादा ऐसी वेबसाइट्स को ब्लॉक किया है, जो ऑर्गनाइज्ड इन्वेस्टमेंट और टास्क आधारित पार्ट टाइम जॉब फ्रॉड कर रही थीं। ANI की रिपोर्ट में मुताबिक, इन वेबसाइट्स की पहचान पिछले हफ्ते की गई थी, जिसके बाद 14C डिविजन ने नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिसिस यूनिट के जरिए इन पर कार्रवाई की है।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में बस पलटी; 1 की मौत, 22 घायल

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में बुधवार सुबह एक बस पलट गई। हादसे में 1 शख्स की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए। घायलों में 14 स्टूडेंट शामिल हैं। हादसा राजौरी-जम्मू नेशनल हाईवे पर ठंडीकासी गांव के राधा स्वामी आश्रम के पास हुआ। बस राजौरी से मंजाकोटे जा रही थी। पलटने से पहले बस ने दो कारों को टक्कर मार दी। घायलों को राजौरी के सरकारी अस्पताल भर्ती कराया गया है।

होंडुरास में यात्रियों से भरी बस नदी में गिरी, 12 की मौत; 60 लोग सवार थे, दर्जनों घायल

सेंट्रल अमेरिकी देश होंडुरास में मंगलवार को एक बस पुल से टकराकर नदी में गिर गई। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। दर्जनों लोग घायल हैं। विदेशी न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, बस में लगभग 60 लोग सवार थे। यह हादसा होंडुरास की राजधानी तेगूसिगाल्पा से लगभग 41 किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे पर हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि 10 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। दो लोगों ने तेगूसिगाल्पा के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायलों को एम्बुलेंस और हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया है। होंडुरास की राष्ट्रपति शियोमारा कास्त्रो ने घटना को लेकर देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।