ITDC India/News-Desk/Report: Anurag Pandey :
थॉमस कप 2022 में आज भारत ने इतिहास रच दिया है। आज भारतीय बैडमिंटन टीम ने 14 बार के चैम्पियन इंडोनेशिया को फाइनल मे 3-0 से मात देकर पहली बार थॉमस कप जीता है और इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया है। लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत समेत अन्य खिलाड़ियों ने रविवार को जब इतिहास रचा तब पूरा देश खुशी से फूला नहीं समाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर खिलाड़ियों को बधाई दी है।
भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने पहले मलेशिया को हराकर 43 साल में पहली बार थॉमस कप के फाइनल में प्रवेश किया था। वहीं भारतीय महिला टीम गुरुवार को ही उबेर कप के अंतिम आठ मुकाबले में थाईलैंड से 0-3 से हारकर बाहर हो गई थी। भारत टीम ने थॉमस कप के फाइनल में प्रवेश कर कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया था। देश ने 1979 के बाद से इस आयोजन में कोई पदक नहीं जीता था। अमेरिका और कनाडा पर जीत से भारत ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया था। और फिर फाइनल में भारत ने थॉमस कप जीतने के लिए 14 बार के चैंपियन इंडोनेशिया को एकतरफा मुकाबले मे 3-0 से मत दी। थॉमस कप के रोमांचक फाइनल मुकाबले में लक्ष्य सेन ने एंथनी गिनटिंग को 8-21, 21-17, 21-16 से हराकर भारत को अच्छी शुरुआत दी और फिर भारत के सात्विक और चिराग की युगल जोड़ी ने अहसान-सुकामुल्जो को हराया और उनके करियर की सबसे शानदार जीत ने भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई। तीसरे मैच में किदांबी श्रीकांत ने जोनाथन क्रिस्टी को 21-15, 23-21 से हराकर 3-0 से जीत हासिल की और पहली बार थॉमस कप के फाइनल में पहुंची भारतीय टीम ने 14 बार के चैंपियन इंडोनेशिया को फाइनल मे हराकर इतिहास रच दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीम इंडिया को जीत की बधाई दी उन्होंने कहा कि “भारतीय बैडमिंटन टीम ने इतिहास रच दिया है। पूरा देश भारत के थॉमस कप जीतने से खुश है। हमारी संपूर्ण टीम को बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं। यह जीत कई आगामी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगी।
वही भारतीय बैडमिंटन टीम के कोच पुलेला गोपीचंद जी ने कहा कि “बैडमिंटन के संदर्भ में यह जीत 1983 क्रिकेट विश्व कप जीत से भी बड़ी है। मुझे लगता है कि किसी ने भी नहीं सोचा होगा कि हम ऐसे जीतेंगे। बैटमिंटन का वर्ल्ड कप कहे जाने वाला थॉमस कप को भारत ने जीत कर दिखा दिया है की भारतीय सिर्फ क्रिकेट ही नही बैटमिंटन में भी सबसे आगे है। ये 1983 मे क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने जैसा था”।
आपको बता दें कि बैंकॉक में आयोजित इस फाइनल मुकाबले में भारत का मुकाबला इंडोनेशिया से था। भारत ने शुरुआती 3 मैच जीतकर इस फाइनल को 3-0 से जीत लिया। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी बैडमिंटन विजेता टीम को बधाई दी है। इसी के साथ खेल मंत्रालय की ओर से विजेता टीम को एक करोड़ रुपये की राशि देने का भी ऐलान किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बैडमिंटन टीम को बधाई दी और कहा की “बैडमिंटन के क्षेत्र में यह ऐतिहासिक पल है, मैं पूरी टीम को बधाई देता हूँ। बैडमिंटन Association Of India (BAI) ने भी भारतीय बैडमिंटन टीम को थॉमस कप जीतने पर पुरुस्कार की घोषणा करते हुए 1 करोड़ की राशि खिलाडियों के लिए वहीं 20 लाख सपोर्ट स्टाफ को देने की घोषणा की है। वहीं थॉमस कप जीतने के बाद असम के मुख्यमंत्री व बैडमिंटन Association Of India (BAI) के अध्यक्ष हिमांत विस्व सरमा ने भी भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा की “यह पल हर एक भारतवासी के लिए गौरवंवित करने वाला पल है”।