आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल-हमास के बीच सीजफायर के पांचवें दिन हमास ने 10 इजराइल और 2 थाईलैंड के बंधकों को आजाद कर दिया। 53 दिन बाद 9 महिलाएं और 1 बच्ची मंगलवार को इजराइल पहुंचे। बदले में इजराइल ने भी 30 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया।
मंगलवार को जिन महिलाओं को हमास ने छोड़ा, उनमें से ज्यादातर के पति अब भी बंधक हैं। इसके अलावा आजाद हुए बच्चों में से एक 12 साल के एतान याहालोमी की रिश्तेदार देबोराह कोहेन ने फ्रेंच टीवी को बताया कि कैद में इजराइली बच्चों को हमास ने गन पॉइंट पर रखकर 7 अक्टूबर के हमले से जुड़े वीडियो दिखाए थे।
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, देबोराह ने बताया कि गाजा में एतान को मारा गया था। देबोराह ने आगे कहा- मैं इस बात पर विश्वास करना चाहती थी कि हमास ने बंधकों के साथ अच्छा बर्ताव किया, लेकिन ऐसा नहीं है। किसी भी बच्चे को कैद में रोने तक की आजादी नहीं थी। अगर कोई रोता था तो हमास लड़ाके उन्हें गोली मारने की धमकी देते थे।
एतान के पास इजराइल और फ्रांस की सिटिजनशिप है। हमास ने एतान के साथ उसकी, मां और दो बहनों को भी पकड़ा था। सभी गाजा पहुंचने से पहले ही कैद से भाग गए थे, लेकिन एतान नहीं भाग पाया और हमास आतंकी उसे गाजा ले गए थे। उसके पिता अब भी हमास की कैद में हैं। उन्हें 7 अक्टूबर को गोली भी लगी थी।
हमास के पास 3 इजराइली सैनिकों के शव
इसके अलावा टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, इजराइली सेना ने कहा है कि 7 अक्टूबर को हमास तीन सैनिकों को बंधक बनाकर गाजा ले गया था। इन तीनों सैनिकों की मौत हो गई है। सेना ने कहा कि हमें जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक इन सैनिकों की 7 अक्टूबर को ही मौत हो गई थी। इनके शव हमास के पास ही हैं। जंग में अब तक 395 सैनिक मारे जा चुके हैं।
इधर, सीजफायर के 5वें दिन हमास ने 10 इजराइली और दो थाई बंधकों को रिहा किया। इजराइल भी 30 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया। इनमें 15 महिलाएं और 15 बच्चे थे। सीजफायर लगने से अब तक पांच दिन में हमास ने 81 बंधकों को छोड़ा है। वहीं, इजराइल ने इससे पहले तक अपनी जेलों से 150 फिलिस्तीनियों को रिहा किया है। इनमें 50 इजराइली बंधक और 19 विदेशी नागरिक शामिल हैं।
हमास ने एलन मस्क को गाजा आने का न्योता दिया
हमास ने अरबपति एलन मस्क को गाजा आने का न्योता दिया है। हमास के एक सीनियर अधिकारी ओसामा हमदान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एलन को गाजा बुलाया। उन्होंने कहा- हम उन्हें दिखाना चाहेंगे कि गाजा में इजराइली हमले के बाद किस हद तक जनसंहार और बर्बादी हुई है। 50 दिन के अंदर इजराइल ने 40 हजार विस्फोटकों से फिलिस्तीनियों के घरों और दूसरी जगहों पर हमला किया।
हमास ने कहा- अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन को इजराइल के साथ अपने संबंध पर फिर से विचार करना चाहिए। उन्हें इजराइल को हथियार सप्लाई रोकनी चाहिए। दरअसल, सोमवार को एलन मस्क इजराइल के दौरे पर गए थे। यहां वो PM नेतन्याहू के साथ मुलाकात के बाद कहा था कि नफरत को मिटाने के लिए वो हरसंभव कोशिश करेंगे।
नॉर्थ गाजा में इजराइली सैनिकों पर हमला
इजराइली सेना ने कहा- नॉर्थ गाजा में हमारे सैनिकों पर 3 बमों से हमला हुआ। कुछ सैनिक घायल हुए। हमास ने उन पर हमला किया। ये सीजफायर का उल्लंघन है। इसके पहले हमास ने इजराइल पर सीजफायर के उल्लंघन का आरोप लगाया था। हमास ने कहा था कि इजराइल वेस्ट बैंक में गोलीबारी कर रहा है और गाजा में मदद नहीं पहुंचने दे रहा है।
9 साल की एमिली सो नहीं पाती
हमास की कैद से आजाद हुई 9 साल की एमिली के पिता ने कहा- मेरी बेटी बहुत डरी हुई है। वो रात को सो नहीं पाती। रोती रहती है। धीमी आवाज में कुछ कहती रहती है। उसे लगता है कि वो एक साल से हमास की कैद में थी। उसे ठीक होने में समय लग जाएगा।
इजराइल आर्मी चीफ बोले- हम दोबारा हमले करने के लिए तैयार
इजराइल डिफेंस फोर्स के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल हर्जी हलेवी ने कहा- हम दोबारा हमले करने के लिए तैयार हैं। सीजफायर के दौरान हमने अपने सैनिकों को जंग के लिए तैयार कर लिया है। 7 अक्टूबर को हमसे कुछ गलतियां हुईं। खुफिया एजेंसी फेल हुईं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। हमने नए बैटल प्लान को मंजूरी दे दी है।