आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इजराइल-हमास जंग के 41वें दिन इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने हमास चीफ इस्माइल हानिये के घर पर फाइटर जेट से हमला किया। सेना ने दावा किया है कि हमास इस घर में अपने लड़ाकों के साथ मीटिंग करता था।

दूसरी तरफ, गाजा के अल-शिफा अस्पताल में IDF ग्राउंड ऑपरेशन कर रही है। इजराइल के कई टैंक भी अस्पताल कैंपस में मौजूद हैं। इजराइली सेना ने दावा किया है कि उन्हें अस्पताल में हमास के हथियार, खुफिया सामान और कई मिलिट्री इक्विपमेंट्स मिले हैं।

इसके अलावा उन्होंने यहां हमास का हेडक्वार्टर, इंटेलिजेंस सेट-अप और यूनिफॉर्म्स भी मिलने की बात कही है। सेना ने बताया कि हमास ने कई हथियार और ग्रेनेड MRI मशीनों के पास छिपा रखे थे। हमास के ऑपरेशन पर जानकारी के लिए IDF ने अस्पताल में मौजूद लोगों से भी बातचीत की।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बुधवार को कहा- हमास के खिलाफ ये जंग तब ही खत्म होगी जब वो फिर से इजराइल पर हमला करने के काबिल नहीं बचेगा। अल-शिफा अस्पताल में रेड इजराइल के लिए बड़ा रिस्क है, लेकिन ये बात भी सही है कि हमास अस्पताल से ऑपरेट करता है। वहां उसका हेडक्वार्टर, हथियारों का जखीरा और जंग से जुड़ा दूसरा सामान मौजूद है।

तुर्किये बोला- इजराइल आतंकी देश, हमास आजादी की लड़ाई लड़ रहा

इससे पहले बुधवार को तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने इजराइल को आतंकी देश बताया है। अंकारा में पार्टी मेंबर्स से बातचीत करते हुए एर्दोगन ने कहा- इसमें कोई दो राय नहीं है कि इजराइल एक आतंकी देश है और हमास आजादी की जंग लड़ रहा है।

एर्दोगन ने कहा- हमारी सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि गाजा में तबाही के लिए जिम्मेदार इजराइल के तमाम नेताओं को कानून के कटघरे में लाया जाए। उन पर इंटरनेशनल कोर्ट में केस चले। इसमें उनके मिलिट्री लीडर्स भी शामिल रहेंगे।

एर्दोगन ने आगे कहा- इजराइल का इस वक्त एक ही एजेंडा है। वो गाजा शहर और वहां के लोगों को खत्म कर देना चाहता है। हमास कोई आतंकी संगठन नहीं है। वो तो इजराइल को रोकने वाले फाइटर्स का ऑर्गेनाइजेशन है।

पूर्व इजराइली PM बोले- पहले अपना रिकॉर्ड चेक करें एर्दोगन

इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री और अब विपक्ष के नेता येर लैपिड ने एर्दोगन के आरोप का जवाब दिया। लैपिड ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया और एर्दोगन के मानवाधिकार रिकॉर्ड पर तंज कसा। इजराइली नेता ने कहा- हम एक ऐसे आदमी से नैतिकता के बारे में सबक नहीं सीखना चाहते, जिसने मानवाधिकारों का उल्लंघन किया है।

एर्दोगन को सबसे पहले अपना रिकॉर्ड चेक कर लेना चाहिए। इजराइल जो कुछ कर रहा है, वो अपनी हिफाजत के लिए कर रहा है। वो हमास के आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। इन आतंकियों को एर्दोगन अपने घर में पनाह देते हैं।