आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हमास ने इजराइल पर फिर से 7 अक्टूबर जैसा हमला करने की धमकी दी है। हमास वेस्ट बैंक में रह रहे फिलिस्तीनियों को भी इजराइली लोगों पर हमला करने के लिए उकसा रहा है। मिडिल ईस्ट मीडिया रिसर्ट इंस्टिट्यूट (MEMRI) के मुताबिक, वेस्ट बैंक में मौजूद हमास की स्टूडेंट विंग ने एक वीडियो जारी कर लोगों को 7 अक्टूबर जैसा हमला दोहराने को कहा है।

हमास ने सोशल मीडिया पर कई ग्राफिकल फोटो भी पोस्ट की। इनमें संगठन के लड़ाके फेंसिंग पार कर इजराइल में दाखिल होते नजर आ रहे हैं। हमास ने कहा- इजराइली बस्तियां हमारा टारगेट हैं। हमें अकेले या ग्रुप में जाकर उन पर हमला बोल देना चाहिए। इजराइल को भी हमारे विरोध का स्वाद चखना चाहिए।

हमास बोला- घात लगाकर इजराइलियों का इंतजार कर रहे

इन पोस्ट में हमास ने वेस्ट बैंक में रह रहे फिलिस्तीनियों से भी आसपास की इजराइली बस्तियों को निशाना बनाने की बात कही है। उनसे आतंक फैलाने और इजराइल के खिलाफ ऑपरेशन में सलाह देने के लिए कहा गया है। हमास ने ऐसे ही एक पोस्ट पर लिखा- हम घात लगाकर इजराइलियों का इंतजार कर रहे हैं। इस तस्वीर में हमास का एक लड़ाका एक कस्बे पर हमले की तैयारी करता दिख रहा है।

हमास ने आगे लिखा- इजराइल के पास अब कोई सुरक्षा नहीं है। हमारे ज्यादातर लड़ाके उनका इंतजार कर रहे हैं। वेस्ट बैंक को कब्जा करने वालों के लिए खेल का मैदान नहीं बनने देंगे। इसके अलावा हमास का स्टूडेंट विंग लगातार हमला करने के लिए सलाह देते हुए वीडियो पोस्ट करता रहता है।

वीडियो-फोटो में बताया प्लानिंग का तरीका

18 नवंबर को ऐसे ही एक वीडियो में दिखाया गया था कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को मारने के लिए अटैक कैसे किया जाना चाहिए। इसमें तैयारी से लेकर हमला करने तक के बारे में बताया गया था। इस दौरान रिसर्च, सर्विलांस और प्लान पर खास ध्यान देने की सलाह भी दी गई थी। साथ ही हथियार और गोला-बारूद जमा करने के भी तरीके बताए गए थे।

वीडियो में हमास ने ये भी बताया था कि कैसे हमले की प्लानिंग के दौरान भी डिजिटल उपकरणों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। साथ ही अपने रोजमर्रा के कामों पर भी ध्यान रखना चाहिए ताकि किसी को शक न हो। हमला करने से पहले ही टारगेट वाली जगह से निकलने का प्लान तैयार करना चाहिए। हमास ने ये भी बताया कि कैसे सबसे ज्यादा नुकसान के लिए हमले का सही वक्त चुनना बेहद जरूरी है।

हमास ने किया सीजफायर का स्वागत

हालांकि, मंगलवार को हमास ने मानवीय कारणों से हुई सीजफायर डील का स्वागत किया। समझौते के तहत हमास ने 50 बंधकों को छोड़ने पर सहमति जताई है। इसके बदले में इजराइल 4 दिन का सीजफायर करेगा। साथ ही वो 150 फिलिस्तीनियों को रिहा करेगा। इजराइल 6 घंटे तक साउथ गाजा के ऊपर सर्विलांस ड्रोन भी नहीं उड़ाएगा। साथ ही बंधकों की रिहाई के लिए वो इस डील को आगे बढ़ाने को भी तैयार है।