आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हमास के खतरनाक टनल नेटवर्क को तबाह करने के लिए इजराइली सेना इसमें समंदर का पानी भरने रही है। इसके लिए उत्तरी गाजा में पांच बेहद ताकतवर पम्प लगाए गए हैं। ये पम्प पाइप के जरिए सुरंगों में पानी भर रहे हैं, ताकि हमास के आतंकी इनसे बाहर न निकल पाएं और उनमें ही घुटकर मर जाएं।

डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ ही हफ्तों में हमास का 480 किलोमीटर लंबा टनल नेटवर्क तबाह हो जाएगा। हालांकि, ‘स्काय न्यूज’ के मुताबिक अमेरिकी मिलिट्री और टनल एक्सपर्ट इस प्लान के दो बड़े खतरे बता रहे हैं।

पहले हमास की सुरंगों को तबाह करने के इजराइली प्लान की तस्वीरें देखें…

अब प्लान के खतरों के बारे में जानिए…

अमेरिका के मिलिट्री एनालिस्ट माइकल क्लार्क ने ‘स्काय न्यूज’ से बातचीत में इस प्लान को कारगर तो बताया, लेकिन इसके साथ ही दो खतरों की तरफ इशारा भी किया। क्लार्क के मुताबिक- पहला खतरा तो यही है कि अगर टनल नेटवर्क में समंदर का पानी भरा गया तो इससे वहां मौजूद सभी लोग मारे जाएंगे और वहां का पूरा सिस्टम तबाह हो जाएगा। हमास ने शायद बंधकों को भी वहीं कैद किया है। ऐसे में इनकी जान कैसे बचेगी? ये बड़ा सवाल है।

क्लार्क दूसरे खतरे के बारे में भी आगाह करते हैं। उनके मुताबिक- इसमें कोई दो राय नहीं कि पानी भरने से सुरंगों में मौजूद लोगों के सामने दो ही रास्ते होंगे। या तो वो मारे जाएंगे या इसके पहले ही वहां से बाहर आ जाएंगे। लेकिन, इससे पर्यावरण के लिए भी बड़ा खतरा पैदा हो जाएगा।

क्लार्क आगे कहते हैं- इजराइल की तरह गाजा में भी ‘सी वॉटर फिल्टरेशन प्लांट्स’ हैं। इजराइल की यह टेक्नोलॉजी दुनिया के लिए मिसाल होने के साथ ही बेहद शानदार और कारगर है। हो सकता है, टनल नेटवर्क में साफ पानी की सप्लाई इसी नेटवर्क से होती हो। अगर ऐसा हुआ तो फिल्टरेशन प्लांट यूनिट बंद हो जाएंगे और इसका असर गाजा के आम लोगों पर भी पड़ेगा।

दिमागी जंग में जीतने का तरीका

प्रोफेसर क्लार्क इस मामले को एक नए नजरिए से भी देख रहे हैं। वो कहते हैं- बहुत मुमकिन है कि इजराइल की फौज और सरकार अब हमास के साथ ‘सायकोलॉजिकल वॉरफेयर’ में भी जीतना चाहती हो और इसीलिए सुरंगों में पानी भरने का प्रोपेगैंडा चलाया जा रहा हो। इजराइल गाजा के लोगों को यह मैसेज देना चाहता है कि हमास का साथ छोड़ दें, क्योंकि उसके खिलाफ अब कोई रियायत नहीं बरती जाएगी।

हमास का टनल नेटवर्क कितना बड़ा

40 किमी लंबी और 10 किमी चौड़ी गाजा पट्टी में करीब 20 लाख लोग रहते हैं। ऊपर से देखने पर यहां हर शहर की तरह घर, दुकान, स्कूल, अस्पताल, मस्जिद, कार्यालय दिखते हैं, लेकिन गाजा की जमीन के नीचे आतंक की एक अलग दुनिया भी है। हमास का दावा है कि उसने करीब 500 किमी लंबी सुरंगों का अंडरग्राउंड नेटवर्क बिछा रखा है, जिनके एक्सेस पॉइंट इमारतों, स्कूलों, मस्जिदों में होते हैं।

संभव है कि 7 अक्टूबर को इजराइल पर किए गए हमले में हमास ने ऐसी किसी सुरंग का इस्तेमाल किया, जो जमीन के नीचे-नीचे इजराइल तक जाती हो। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक किबुत्ज के पास एक सुरंग के निकास का पता चला है, जहां दर्जनों इजराइली नागरिकों का कत्ल किया गया।