जिला स्तर पर स्वनिधि महोत्सव और लोक कल्याण मेले आयोजित होंगे
सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जिला पंचायत भोपाल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी ने कहा है कि कौशल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों की प्रभावी प्राप्ति के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग तक उनका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के अवसरों की जानकारी अंतिम छोर तक पहुँचाकर अधिक से अधिक युवाओं, विशेषकर महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जा सकता है।
तिवारी शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गोविंदपुरा में आयोजित जिला कौशल समिति की बैठक को संबोधित कर रही थीं। बैठक में जिले में संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों, रोजगारोन्मुखी योजनाओं तथा हितग्राही मूलक गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में तिवारी ने आगामी 12 जून को यूएन वूमेन के ‘वी स्टेम’ (We STEM) कार्यक्रम के अंतर्गत 100 से अधिक पदों तथा 16 जून को ट्राइडेंट बुधनी द्वारा आयोजित 500 से अधिक पदों वाली मेगा महिला-केंद्रित प्लेसमेंट ड्राइव में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूआरएलएम), स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं तथा आठवीं, दसवीं और बारहवीं उत्तीर्ण बालिकाओं एवं महिलाओं को इन अवसरों से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए।
तिवारी ने जनकल्याण शिविरों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रावासों में भी कौशल विकास योजनाओं एवं आईटीआई प्रवेश संबंधी जानकारी के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आईटीआई में अध्ययनरत विद्यार्थियों की समग्र प्रोफाइल तैयार करने के लिए ‘हर्ष पोर्टल’ पर उनकी जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #उनक #आवश #अवसर