ITDC India e-Press / Agencies

दिल्ली में अब ऑनलाइन बुक होगी शराब, QR कोड से दुकान पर मिलेगा ऑर्डर

नई दिल्ली।दिल्ली में शराब खरीदने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू की गई है। दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (DSIIDC) के ‘दिल्ली लिकर बुकिंग’ ऐप के जरिए ग्राहक अपनी पसंद का ब्रांड देख सकते हैं, उपलब्ध स्टॉक की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और ऑनलाइन भुगतान करके ऑर्डर बुक कर सकते हैं। हालांकि, इस सुविधा में शराब की होम डिलीवरी का विकल्प नहीं दिया गया है।

नई व्यवस्था के तहत ग्राहक ऐप पर उपलब्ध ब्रांड, बोतल का आकार और मात्रा चुनने के बाद संबंधित दुकान का चयन कर भुगतान कर सकेंगे। बुकिंग पूरी होने पर एक क्यूआर कोड मिलेगा। ग्राहक को यह कोड चुनी हुई दुकान पर दिखाना होगा, जहां सत्यापन के बाद ऑर्डर सौंप दिया जाएगा। बुकिंग और भुगतान के बाद 48 घंटे के भीतर शराब दुकान से लेना अनिवार्य होगा।

फिलहाल यह सुविधा DSIIDC द्वारा संचालित दिल्ली की 208 शराब दुकानों पर उपलब्ध है। इसका उद्देश्य दुकानों पर लगने वाली कतारों को कम करना, बिलिंग प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाना और कीमतों व भुगतान में पारदर्शिता बढ़ाना है।

इस सुविधा का उपयोग करने के लिए ग्राहक की उम्र कम से कम 25 वर्ष होनी चाहिए। लागू आबकारी नियमों के अनुसार, एक व्यक्ति के लिए व्हिस्की की अधिकतम सीमा नौ लीटर और बीयर की 18 लीटर है। ग्राहक शराब प्राप्त करने से पहले अपनी बुकिंग रद्द कर सकते हैं, लेकिन ऑर्डर प्राप्त करने के बाद वापसी की सुविधा नहीं होगी।

यह डिजिटल व्यवस्था ग्राहकों को दुकान जाने से पहले पसंदीदा ब्रांड की उपलब्धता जांचने की सुविधा देती है। हालांकि, फिलहाल ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी शराब लेने के लिए संबंधित दुकान पर स्वयं पहुंचना जरूरी है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #ऑनलाइन #बुक #होगी #शराब #कोड #दुकान #दिल्लीमेंअबऑनलाइन