मुम्बई । चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने आईपीएल के 15 वें सत्र में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली हार के लिए पहले बल्लेबाजी के अपने फैसले को जिम्मेदार माना है। धोनी के अनुसार पहले हाफ में तेज गेंदबाजों के खिलाफ शॉट मारना आसान नहीं था और बाद में पिच धीमी होने से स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ भी खेलना कठिन हो गया। इस मैच में सीएसके टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 133 रन बनाये।
टीम के केवल एक बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को छोड़कर अन्य बल्लेबाज विफल रहे। वहीं गेंदबाजी के दौरान भी टीम प्रभावित नहीं कर पायी जिससे जीत के लिए मिले 134 रनों के लक्ष्य को गुजरात की टीम ने आसानी से हासिल कर लिया।
इसी के साथ ही सीएसके को इस सत्र में 9वीं हार का सामना करना पड़ा। सीएसके का प्रदर्शन इस सत्र में शुरु से ही अच्छा नहीं रहा। सत्र की शुरुआत से ठीक पहले रविन्द्र जडेजा को टीम का नया कप्तान बनाया गयापर लगातार असफल होने के बाद जडेजा ने कप्तानी छोड़ दी और ऐसे में धोनी को फिर टीम की कमान संभालनी पड़ी।
धोनी ने कहा, साई किशोर ने अच्छी गेंदबाजी की। हम शिवम दुबे को ऊपर बल्लेबाजी के लिए भेज सकते थे पर तब जगदीशन को अंतिम ग्यारह में शामिल करने का लक्ष्य पूरा नहीं हो पाता। हमने अच्छी अंतिम ग्यारह उतारने का प्रयास किया और आगे भी यही रहेगा। आईपीएल में यह दूसरी बार है जब सीएसके टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है। इससे पहले साल 2020 में यूएई में हुए आईपीएल में भी धोनी की टीम अंतिम-4 में नहीं पहुंच पायी थी। .