आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कनाडा में तीन मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों में हिंदी फिल्मों के शो के दौरान हानिकारक बदबूदार पदार्थ (स्टिंक बम) छिड़का गया। जिसके बाद थिएटरों को खाली करा दिया गया। जिस समय ये घटना हुई, उस वक्त इन थिएटरों में हिंदी फिल्में एनिमल, सैम बहादुर और टाइगर-3 दिखाई जा रही थी।

घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दो संदिग्धों की तस्वीरों को भी जारी किया है।

स्थानीय पुलिस ने के अनुसार ये घटना यॉर्क के अलावा टोरंटो और ब्रैम्प्टन में भी रिपोर्ट हुई है। यॉर्क क्षेत्रीय पुलिस ने 5 दिसंबर की शाम को वॉन सिनेमा में अज्ञात पदार्थ छिड़के जाने के बाद संदिग्धों की तस्वीरें जारी की है।

अभी तक किसी की गिरफ्तार नहीं

मिली जानकारी के अनुसार अभी तक पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये घटना सिल्वरसिटी ब्रैम्पटन सिनेमा, सिनेप्लेक्स सिनेमा, स्कारबोरो और वॉन के थिएटर में हुई।

दो युवकों द्वारा शो के दौरान किया गया छिड़काव

यॉर्क क्षेत्रीय पुलिस ने कहा कि यॉर्क में ये घटना राजमार्ग 7 और राजमार्ग 400 के पास एक सिनेमा परिसर में हुई। दो व्यक्तियों द्वारा छोड़े गए अज्ञात पदार्थ के कारण दर्शकों को खांसी हुई। इसके बाद सिनेमाघर को खाली करा लिया गया। कई लोगों को परेशानी के बाद अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन किसी के गंभीर होने की सूचना नहीं मिली है।