सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कनाडा का कहना है कि उसके और भारत के रिश्ते सुधर रहे हैं। कनाडाई मीडिया CTV को दिए एक इंटरव्यू में कनाडा की नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर जोडी थॉमस ने कहा कि दोनों देशों के बीच खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर तनाव है, जो अब कम हो रहा है।
दरअसल, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने निज्जर की हत्या का आरोप भारत पर लगाया था। वहीं, भारत ने इन आरोपों को खारिज किया है। इंटरव्यू के दौरान NSA थॉमस ने अमेरिका का भी जिक्र किया। अमेरिका ने भी खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू का हत्या की कोशिश का आरोप भारत पर लगाया है।
NSA थॉमस ने कहा- अमेरिका के आरोपों के बाद भारत ने हमारे साथ सहयोग बढ़ाया है। दिसंबर 2023 में PM ट्रूडो ने भी कहा था कि पन्नू केस के बाद भारत के सुर बदले हैं।
भारत के साथ बातचीत सफल साबित हो रही
इंटरव्यू में कनाडा की नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर जोडी थॉमस ने कहा- भारत हमारे साथ सहयोग कर रहा है इसलिए दोनों देशों के रिश्तों में सुधार आ रहा है। हम निज्जर मामले से आगे बढ़ रहे। भारतीय NSA के साथ हुई बातचीत के रिजल्ट पॉजिटिव नजर आ रहे हैं।
PM मोदी के बयान के बाद PM ट्रूडो ने कहा था- भारत के सुर बदले
20 दिसंबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश के मामले पर बयान दिया था। फाइनेंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में मोदी ने कहा था कि कुछ घटनाएं अमेरिका-भारत रिश्तों को बेपटरी नहीं कर सकती हैं।
इसके अगले ही दिन कैनेडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (CBC) से बातचीत में PM ट्रूडो ने कहा था कि शायद भारत को यह एहसास हो चुका है कि वो हमेशा आक्रमक रुख अख्तियार नहीं कर सकते। इसलिए भारत में हमारे साथ सहयोग करने की भावना आ चुकी है। ट्रडो का मानना है कि अमेरिका के कड़े रुख की वजह से भारत में यह बदलाव आया।
18 जून 2023 को हुई थी निज्जर की हत्या
18 जून 2023 की शाम कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित गुरुद्वारा की पार्किंग में खालिस्तान टाइगर फोर्स के चीफ आतंकी हरदीप सिंह निज्जर पर दो युवकों ने फायरिंग कर दी थी। निज्जर की मौके पर ही मौत हो गई। निज्जर को भारत ने भगोड़ा घोषित कर रखा था और इस पर 10 लाख रुपए का इनाम भी था।
3 महीने बाद यानी 18 सितंबर 2023 को कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने हाउस ऑफ कॉमन्स यानी वहां की संसद में एक बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जून में ब्रिटिश कोलंबिया में निज्जर की हत्या में भारत सरकार के एजेंट्स का हाथ हो सकता है। ट्रूडो का इशारा भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ की तरफ था।
ट्रूडो ने निज्जर मामले में कई बार दोहराए आरोप
UN जनरल असेंबली के सेशन के लिए जब कनाडाई प्रधानमंत्री न्यूयॉर्क पहुंचे थे, तब भी उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा था- हम भारत सरकार से निज्जर की हत्या की जांच में सहयोग की मांग करते हैं, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।
कनाडा में मौजूद भारतीय हाई कमिश्नर संजय वर्मा ने न्यूज चैनल CTV न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा था- निज्जर की हत्या की जांच हुए बिना ही भारत को दोषी ठहरा दिया गया। इन सबके बाद भारत से जांच में सहयोग करने को कहा गया।